4 मिनट 33 सैकेंड का बॉलीवुड का 'शापित गाना', लोगों का दावा- 'एक लाइन सुनते ही आने लगते थे भूत-प्रेत!'
Bollywood Song Controversy: एक समय ऐसा था जब हिमेश रेशमिया के गाने हर जगह सुनाई देते थे। रेडियो हो, टीवी हो या कोई पार्टी, उनके गानों के बिना माहौल अधूरा लगता था। लोग उनके गानों को इतना पसंद करते थे कि उन्हें बार-बार गुनगुनाते रहते थे। लेकिन इसी दौर का एक गाना ऐसा भी था, जिसे लेकर लोगों के मन में डर बैठ गया था।

साल 2006 में आई फिल्म 'अक्सर' का गाना 'झलक दिखला जा' जबरदस्त हिट हुआ था। इमरान हाशमी पर फिल्माया गया यह गाना अपनी धुन और बोलों की वजह से हर किसी की जुबान पर चढ़ गया था। खासकर 'एक बार आजा आजा आजा...' वाली लाइन लोगों को खूब पसंद आई। इस गाने में उनके साथ उदिता गोस्वामी भी नजर आई थीं।
लेकिन धीरे-धीरे इस गाने को लेकर अजीब बातें फैलने लगीं। कुछ लोगों ने कहना शुरू किया कि यह गाना सुनने या गाने से लोगों पर गलत असर पड़ता है। इस गाने से कुछ काली शक्तियों का आगमन होता है।
गुजरात के गांव की अजीब मान्यता
गुजरात के आनंद जिले के भलेज गांव में इस गाने को लेकर सबसे ज्यादा डर देखने को मिला। गांव वालों का मानना था कि जैसे ही 'झलक दिखला जा' बजता था, कुछ लोगों का व्यवहार बदल जाता था। लोगों का दावा था कि गाना सुनने के बाद कुछ गांव वाले तो अजीब हरकतें करने लगते थे, मानो किसी आत्मा का असर उन पर आया हो।
लोगों के साथ हुईं घटनाएं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांव के एक व्यक्ति फिरोज ठाकोर ने बताया था कि जब उन्होंने यह गाना गुनगुनाया, तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार वालों को उन्हें इलाज के लिए पीर बाबा के पास ले जाना पड़ा। गांव के लोगों का कहना था कि करीब 8 से 10 लोग ऐसे ही हालात से गुजरे थे।
गांव में गाने पर रोक
इन घटनाओं के बाद गांव के लोगों ने मिलकर फैसला लिया कि 'झलक दिखला जा' गांव में नहीं बजाया जाएगा। लोगों का मानना था कि इस गाने से गांव में निगेटिव माहौल बनता है। इसके बाद वहां कोई भी इस गाने को बजाने या गाने की हिम्मत नहीं करता था।
बाकी देश में हिट, गांव में डर
दिलचस्प बात यह थी कि जहां पूरे देश में यह गाना पार्टियों और रेडियो पर धूम मचा रहा था, वहीं भलेज गांव में इसका नाम सुनते ही लोग डर जाते थे। जो गाना दूसरों के लिए मनोरंजन था, वही इस गांव में डर की वजह बन गया।
यह भी पढ़ें- 4 मिनट 59 सेकंड का वो बॉलीवुड गाना, जो वायरस की तरह फैला, कमरे की कुंडी लगाकर देखते थे लोग, आहट होते ही...
सच या सिर्फ अफवाह?
आज तक यह साफ नहीं हो पाया कि ये घटनाएं सच थीं या सिर्फ अंधविश्वास। लेकिन इतना तय है कि 'झलक दिखला जा' सिर्फ एक सुपरहिट गाना ही नहीं, बल्कि अपने अजीब किस्सों की वजह से भी याद किया जाता है।
आपको बता दें, ये गाना आप यूट्यूब पर देख सकते हैं। 20 साल पहले आए इस गाने को यूट्यूब पर 440 मिलियन लोगों ने देखा है। इस गाने में इमरान हाशमी, उदिता गोस्वामी और डीनो मोरिया नजर आ रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











