B'day Special : महज 4 साल की उम्र से टाइगर ने शुरू की थी मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग, यूं करते थे डांस प्रैक्टिस

टाइगर श्रॉफ की गिनती फिल्म इंडस्ट्री के टॉप एक्शन हीरो में की जाती है। सिर्फ इतना ही नहीं अपने यूनिक डांस स्टाइल की वजह से टाइगर बॉलीवुड में ग्रीक गॉड कहे जाने वाले ऋतिक रोशन को भी टक्कर देते नजर आते हैं। टाइगर श्रॉफ 2 मार्च को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करते हैं। टाइगर का जन्म बॉलीवुड एक्टर जैकी श्रॉफ के घर 2 मार्च 1990 को हुआ था। स्टार किड होने के बावजूद टाइगर ने बॉलीवुड में अपना मुकाम खुद के दम पर बनाया है। साल 2014 में टाइगर ने बॉलीवुड में फिल्म 'हीरोपंती' से डेब्यू किया था। हालांकि पहली फिल्म के बाद टाइगर को अपने लुक की वजह से ट्रोल भी काफी होना पड़ा लेकिन उन्होंने अपनी अगली फिल्मों से धमाकेदार वापसी की। टाइगर ने जब मार्शल आर्ट ट्रेनिंग लेनी शुरू की थी, उस समय वह काफी छोटे थे।
आइए Birthday Special में हम आपको टाइगर श्रॉफ के बारे में कुछ अनजानी बातें बताते हैं :

महज 4 साल की उम्र से शुरू की मार्शल आर्ट ट्रेनिंग :
टाइगर श्रॉफ का असली नाम जय हेमंत श्रॉफ था लेकिन उनके पिता जैकी उन्हें टाइगर कहकर पुकारते थे। इसलिए जब फिल्मों में उन्होंने कदम रखा तो अपना नाम जय हेमंत से बदलकर टाइगर रख लिया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो टाइगर श्रॉफ ने काफी कम उम्र से ही मार्शल आर्ट ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी थी। बताया जाता है कि टाइगर ने करीब 11 सालों तक लगातार मार्शल आर्ट ट्रेनिंग ली। इस दौरान वह साथ ही साथ डांस की ट्रेनिंग भी लेते रहते थे। बताया जाता है कि टाइगर ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट होल्डर हैं। अपनी पहली फिल्म के बाद टाइगर को गुलाबी लिप्स और भी ना जानें क्या-क्या कहकर बुरी तरह से ट्रोल किया जा चुका है। लेकिन इन बातों की परवाह ना करते हुए टाइगर ने अपनी अगली फिल्म से शानदार वापसी की।

यूं करते थे डांस प्रैक्टिस :
टाइगर को बचपन से ही डांस का बेहद शौक रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जाता है कि झारखंड के रहने वाले राजू दास टाइगर श्रॉफ के डांस टीचर रह चुके हैं। वह टाइगर को केले के छिलके पर डांस करवाकर प्रैक्टिस करवाते थे। डांस में टाइगर अपना आइडल ऋतिक रोशन और माइकल जैक्सन को मानते हैं। टाइगर के डांस मूव्स में भी इस बात की साफ झलक दिखती है। टाइगर अब तक कई फिल्मों, 'हीरोपंती', 'बागी', 'बागी 2', 'स्टुडेंट ऑफ द इयर 2', 'वॉर' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। इनमें से 'वॉर' टाइगर की सबसे सफल फिल्म रही है जिसमें वह ऋतिक रोशन के साथ नजर आए थे।

नहीं बनना चाहते थे एक्टर :
टाइगर श्रॉफ के पिता जैकी श्रॉफ बॉलीवुड के टॉप एक्टर रह चुके हैं। अभी भी फिल्मों में अपने दमदार एक्टिंग के बदौलत जैकी वाहवाही बटोरते रहते हैं। टाइगर भी आज फिल्म इंडस्ट्री के टॉप एक्टरों में गिने जाते हैं लेकिन एक समय ऐसा भी था जब टाइगर बॉलीवुड में नहीं आना चाहते थे। दरअसल, टाइगर को डर लगता था कि अगर वह एक्टिंग में आएंगे तो उनकी तुलना उनके पिता से की जाएगी। टाइगर फिल्मों में अपना करियर ना बनाकर फुटबॉलर बनना चाहते थे। लेकिन साजिद नाडियाडवाला की फिल्म में उन्हें पहला मौका मिला। निजी जीवन की बात करें तो लंबे समय तक टाइगर और बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी के एक-दूसरे को डेट करने की खबरें आयी थी। लेकिन बाद में दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिये। दोनों ने फिल्म 'बागी 2' में साथ में काम किया था और कई सार्वजनिक इवेंट्स में भी एक साथ नजर आ चुके हैं।

महज 8 सालों में बना ली करोड़ों की संपत्ति :
टाइगर श्रॉफ ने महज 8 सालों में करोड़ों रुपयों की संपत्ति बना ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टाइगर का नेटवर्थ करीब 80 करोड़ रुपये है। वह एक फिल्म के लिए लगभग 7-8 करोड़ रुपये और एक विज्ञापन फिल्म के लिए 4-5 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। टाइगर श्रॉफ बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज, रेंज रोवर, जगुआर जैसी लग्जरी गाड़ियों के मालिक हैं जिनकी कीमत करोड़ों रुपये है। टाइगर ने पिछले साल करोड़ों का एक सी-फेसिंग अपार्टमेंट खरीदा। इसके अलावा टाइगर के पास पहले से ही 2 और फ्लैट्स भी हैं।


Click it and Unblock the Notifications