बर्थडे स्पेशल : अपने दिलकश आवाज से युवाओं के दिलों को जीतने वाले केके की जिन्दगी को इस गाने ने बदल दिया
गायक कृष्णकुमार कुन्नथ उर्फ केके आज हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन उनके गाये गाने हमेशा हमें उनके होने का अहसास कराते रहते हैं। केके का जन्म 23 अगस्त को दिल्ली में हुआ था। केके ने हिन्दी के अलावा कई और क्षेत्रीय भाषाओं जैसे कन्नड़, मलयालम, बंगाली, गुजराती, तमिल, तेलुगु आदि में भी गाने गाये थे। फिल्मों में ब्रेक मिलने से पहले केके ने करीब 35000 झिंगल्स गाये थे। केके बचपन से ही सिंगर बनना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने जी-तोड़ मेहनत भी की थी।
आइए केके के जन्मदिन पर जानते हैं उनकी जिन्दगी से जुड़ी कुछ खास यादें

1999 के वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के समर्थन में गाया था गाना
केके ने साल 1999 के वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम के समर्थन में गाना 'जोश ऑफ इंडिया' गाया था। यह गाना काफी लोकप्रिय हुआ था क्योंकि इसमें कई भारतीय क्रिकेटर भी नजर आये थे। इस गाने के बाद केके को बतौर गायक पहला ब्रेक मिला और उन्होंने म्यूजिक एल्बम के लिए 'पल' गाया था। इस गाने के बाद केके को फिर पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं पड़ी। इस गाने ने उन्हें हर युवा के दिल में जगह दे दी।

सिंगर बनने से पहले केके ने की थी सेल्समैन की नौकरी
केके ने अपनी बचपन की प्यार ज्योति कृष्णा से 1991 में शादी की थी। शादी के बाद केके को एक नौकरी की जरूरत थी। इसलिए उन्होंने 8 महीने तक होटल इंडस्ट्री में सेल्समैन का काम भी किया था। केके के 2 बच्चे हैं। केके ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में सुपरहिट गाने गाये हुए हैं। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' का 'तड़प-तड़प' कर, 'पल', 'कोई कहे कहता रहे', 'आवारापन बंजारापन', 'दिल इबादत', '10 बहाने', 'खुदा जाने', 'तू ही मेरी शब है' समेत कई और गाने उनकी हिटलिस्ट में शामिल हैं।

पहला और आखिरी गाना बन गया 'पल'
केके के सिंगिंग कॅरियर में 'पल' बेहद खास गाना है। इस गाने के साथ उन्हें पहला ब्रेक मिला था। केके का निधन कोलकाता के एक कॉलेज की तरफ से आयोजित कॉन्सर्ट के दौरान हो गया था। कॉन्सर्ट में उनकी तबियत बिगड़ने लगी थी। जब उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस कॉन्सर्ट के बाद केके का जो प्ले लिस्ट सामने आया था, जिसमें 20 गाने थे और सबसे आखिरी गाना केके ने 'पल' ही लिख रखा था। इसके अलावा इस प्ले लिस्ट का पहला गाना 'तू आशिकी है' था। प्ले लिस्ट में 'क्या मुझे', 'डॉन', 'अजब सी', 'तू जो मिला', 'आशाएं' गाने शामिल थी।


Click it and Unblock the Notifications











