Birthday Special : आशुतोष गोवारिकर ने दी है ऑस्कर नामांकित यह फिल्म, देखी आपने

मुंबई में एक्टर बनने का सपना लेकर आए आशुतोष गोवारिकर का जन्म 15 फरवरी को कोल्हापुर में हुआ था। आशुतोष ने मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से केमिस्ट्री में अपनी डिग्री पूरी की। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में आशुतोष गोवारिकर एक बाहरी के तौर पर माने जाते हैं, क्योंकि उन्होंने फिल्मों में आने का कोई प्रशिक्षण नहीं लिया था। आशुतोष के पिता पुलिस ऑफिसर थे, जिन्हें फिल्मों का काफी शौक रहा है। आशुतोष गोवारिकर ने अपने करियर की शुरुआत आमिर खान की फिल्म 'होली' से बतौर एक्टर की थी। 'होली' के बाद आशुतोष ने फिल्म 'नाम', 'वेस्ट इज वेस्ट' और 'कच्ची धूप' जैसी कई फिल्मों में भी एक्टिंग की थी। आशुतोष ने 1993 में फिल्म 'पहला नशा' से एक डायरेक्टर के तौर पर डेब्यू किया। इसके बाद आशुतोष गोवारिकर ने कई फिल्मों का निर्देशन किया जिनमें 'चमत्कार', 'वेंटिलेटर', 'इंद्रजीत', 'खेले हम जी जान से' और 'व्हाट्स योर राशी' शामिल है। आशुतोष का मानना है कि पीरियड फिल्में हमेशा से ही उनकी यूएसपी रही है। आशुतोष कभी भी फिल्मों के सेट और लोकेशन से कोई समझौता नहीं करते हैं। जब फिल्म 'लगान' की शूटिंग चल रही थी तो रियल लोकेशन में शूट करने के लिए उन्होंने इसका सेट गुजरात के भुज में लगाया। उसी तरह फिल्म 'जोधा अकबर' की शूटिंग के समय बजट की समस्या के कारण आशुतोष की पत्नी और आर्ट डायरेक्टर ने आगरा के किले की ऊंचाई कम रखने की सलाह दी लेकिन आशुतोष इसके लिए भी नहीं माने। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'लगान' को ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज पुरस्कार की श्रेणी में नामांकित भी किया जा चुका है।
आइए Birthday Special में आपको लगान के साथ ही आशुतोष गोवारिकर की कुछ और फिल्मों के बारे में बताते हैं :

लगान :
फिल्म 'लगान' की कहानी गुजरात के एक सूखाग्रस्त गांव की है, जो अंग्रेजों से अपनी लगान माफी के लिए क्रिकेट का मैच खेलता है। साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म में आमिर खान के साथ ग्रेसी सिंह नजर आयी थी। 2002 में इस फिल्म को ऑस्कर में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज की कैटेगरी में नामांकित किया गया था जहां यह फिल्म 'नो मैंस लैंड' से पीछड़ गयी। आमिर खान इस फिल्म के लीड एक्टर के साथ-साथ प्रोड्यूसर भी थे। इस फिल्म ने 8 फिल्मफेयर अवार्ड्स जीते थे। इस फिल्म में ब्रिटिश कलाकारों के इंग्लिश डायलॉग और लिरिक्स आशुतोष ने खुद लिखे थे।

स्वदेश :
साल 2004 में शाहरुख खान के लीड रोल वाली फिल्म 'स्वदेश' का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया। इस फिल्म में ना तो ग्लैमर का तड़का था और ना ही किसी आइटम डांस नंबर की चमक-दमक थी, लेकिन फिल्म का कंटेंट काफी दमदार था। यह फिल्म सिर्फ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं बल्कि शाहरुख खान के करियर में भी मिल का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म में शाहरुख खान ने एक एनआरआई साइंटिस्ट मोहन भार्गव की भूमिका निभाई थी, जो नासा में काम करता है। जब वह अपने देश और गांव वापस आता है तो उसे अहसास होता है कि उसकी काबिलियत की जरूरत उसके देश और गांव को है।

जोधा अकबर :
मुगल बादशाह जलालुद्दीन अकबर और राजपूत राजकुमारी जोधा बाई की प्रेम कहानी पर आधारित फिल्म 'जोधा अकबर' साल 2008 में आयी थी। यह आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी बेहतरीन पीरियड ड्रामा फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में मुगल बादशाह अकबर की भूमिका ऋतिक रोशन और राजकुमारी जोधा की भूमिका ऐश्वर्या राय ने निभाई थी। इस फिल्म ने साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा की फिल्म का ऑडियंस च्वाइस अवार्ड जीता था। इस फिल्म की गिनती देश की सबसे महंगी फिल्मों में की जाती है। इस फिल्म के सेट से लेकर कॉस्ट्यूम तक पर काफी खर्च किया गया था।

व्हाट्स योर राशी :
आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'व्हाट्स योर राशी' साल 2009 में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिहाज से यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी लेकिन कई मायनों में यह फिल्म काफी खास थी। 'व्हाट्स योर राशी' में प्रियंका चोपड़ा और हरमन बावेजा ने बतौर लीड एक्टर काम किया था। प्रियंका चोपड़ा ने इस फिल्म में 12 राशियों की 12 लड़कियों का किरदार निभाया था जिनसे हरमन शादी के रिश्ते के लिए मिलता है। इस फिल्म को बनाने में करीब 32 करोड़ का खर्च आया था लेकिन फिल्म महज 10 करोड़ पर ही सिमट गयी।

मोहनजोदड़ो :
साल 2016 में आशुतोष गोवारिकर ने एक बार फिर से ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'मोहनजोदाड़ो' बनायी। किसी भी क्लासिक फिल्म के लिए काफी ज्यादा रिसर्च वर्क की जरूरत होती है, जैसा इस फिल्म के लिए आशुतोष गोवारिकर ने किया था। मोहनजोदड़ो सभ्यता की अब तक मिली जानकारियों के आधार पर फिल्म में उस समय की सभ्यता की झलक दिखाने का आशुतोष ने पूरी कोशिश की थी। यह फिल्म ऋतिक रोशन के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है।


Click it and Unblock the Notifications











