Birthday Special : 34 सालों के फिल्मी करियर में सूरज बड़जात्या ने बनायी सिर्फ 8 फिल्में, देखी आपने

फैमिली फिल्में बनाने में माहिर सूरज बड़जात्या की गिनती संस्कारी डायरेक्टरों में की जाती हैं। इनकी फिल्में ऐसी होती हैं जिसे माता-पिता, यहां तक कि दादा-दादी के साथ बैठकर भी देखा जा सकता है। सूरज बड़जात्या की फिल्मों में ना तो किसिंग सीन होते हैं और ना ही बोल्ड सीन। सूरज बड़जात्या ने अपना फिल्मी करियर 1989 में फिल्म 'मैंने प्यार किया' से शुरू किया था। सूरज ने अपनी ज्यादातर फिल्में सलमान खान के साथ बनायी है और जितनी बार उन्होंने अपनी फिल्मों में सलमान खान को लिया है, उन्होंने सफलता का स्वाद चखा है। सूरज की ज्यादा फिल्मों में लीड एक्टर का नाम 'प्रेम' होता है। अपने 34 सालों के फिल्मी करियर के दौरान बतौर निर्देशक सूरज बड़जात्या ने सिर्फ 8 फिल्में ही बनायी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सूरज बड़जात्या अपनी अगली फिल्म 'प्रेम की शादी' बना रहे हैं, जिसमें एक बार फिर से सलमान खान और परिणीति चोपड़ा नजर आने वाले हैं। बताया जाता है कि यह फिल्म 2024 में रिलीज होगी।
आइए सूरज बड़जात्या की 8 फिल्मों के बारे में बताते हैं, जिनको Birthday Special में अपने परिवार के साथ आप देख सकते हैं :

मैंने प्यार किया :
सूरज बड़जात्या ने अपना फिल्मी करियर 1989 में फिल्म 'मैंने प्यार किया' से शुरू किया था। इस फिल्म में सलमान खान के साथ भाग्यश्री नजर आयी थी। इस फिल्म को सूरज ने खुद लिखा और डायरेक्ट भी किया था। इस फिल्म ने सलमान खान को सलीम खान के बेटे से ज्यादा बतौर एक्टर फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित किया था। इस फिल्म के साथ सूरज बड़जात्या ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को पहली बार 'प्रेम' दिया था।

हम आपके हैं कौन :
'मैंने प्यार किया' के 4 साल बाद सूरज बड़जात्या ने एक बार फिर से निर्देशन की कमान संभाली और 'हम आपके हैं कौन' बनायी। इस फिल्म में फिर से सलमान खान प्रेम के किरदार में दिखे। इसके साथ ही निशा के आईकॉनिक किरदार में माधुरी दीक्षित नजर आयी। इस फिल्म को बॉलीवुड का माइल स्टोन कहा जाता है। इस फिल्म की कहानी, गाने और रोमांटिक केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर गयी।

हम साथ-साथ हैं :
4 साल के गैप के बाद सूरज बड़जात्या अपनी अगली फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' लेकर आए। 1999 में रिलीज हुई मल्टीस्टारर इस फैमिली ड्रामा फिल्म में सलमान खान के साथ मोहनिश बहल, सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, करिश्मा कपूर नजर आए थे। यह फिल्म भी जबरदस्त हिट साबित हुई।

मैं प्रेम की दीवानी हूं :
2003 में सूरज बड़जात्या पहली बार दो प्रेम के साथ फिल्म 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' लेकर आए। लेकिन दोनों में से किसी भी प्रेम का किरदार सलमान खान ने नहीं निभाया था। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन और ऋतिक रोशन नजर आए थे। साथ ही फिल्म में फीमेल लीड किरदार में करीना कपूर ने काम किया था। यह फिल्म राजश्री प्रोडक्शन की ही फिल्म 'चितचोर' का रिमेक थी। इस फिल्म ने ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था।

विवाह :
2006 में सूरज बड़जात्या शाहिद कपूर और अमृता राव के साथ फिल्म 'विवाह' लेकर आए। इस फिल्म में अरेंज मैरिज में सगाई से लेकर शादी तक के खूबसूरत से सफर को बेहद अलग अंदाज में दिखाया गया था। 8 करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 53 करोड़ की कमाई की थी। इस फिल्म के गानों को खूब पसंद किया गया था।

एक विवाह ऐसा भी :
इसके बाद सूरज बड़जात्या ने फिल्म 'एक विवाह ऐसा भी' लेकर आए थे। लेकिन इस फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने नहीं किया था। उन्होंने इस फिल्म को लिखा था। इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी कौशिक घटक को सौंपी गयी थी। सूरज बड़जात्या स्टाइल में बनी इस फिल्म में सोनू सूद और ईशा कोप्पिकर ने काम किया था। हालांकि यह फिल्म ज्यादा कमाल नहीं दिखा पायी।

प्रेम रतन धन पायो :
16 सालों के लंबे गैप के बाद एक बार फिर से सूरज बड़जात्या सलमान खान के साथ 'प्रेम रतन धन पायो' लेकर आए। इस फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 400 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था। फिल्म में सलमान खान डबल रोल में नजर आए थे। इसके साथ उन्होंने सोनम कपूर को कास्ट किया था।

ऊंचाई :
सूरज बड़जात्या की 8वीं फिल्म 'ऊंचाई' पिछले साल रिलीज हुई। इस फिल्म में 49 सालों बाद अमिताभ बच्चन ने राजश्री प्रोडक्शन की किसी फिल्म में काम किया। फिल्म में अमिताभ बच्चन के अलावा अनुपम खेर, बोमन ईरानी, डैनी डेंग्जोपा, नीना गुप्ता, सारिका और परिणीति चोपड़ा ने काम किया था।


Click it and Unblock the Notifications











