Birthday Special : कम बजट की फिल्मों से सबसे महंगी हीरोइन बनीं भोजपुरी क्वीन मोनालिसा

भोजपुरी फिल्मों की लेडी सुपरस्टार मोनालिसा 21 नवंबर को अपना बर्थडे मना रही हैं। सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव रहने वाली मोनालिसा की फोटो भी खूब वायरल होती है। मोनालिसा अब तक 125 से ज्यादा भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। सिर्फ भोजपुरी ही नहीं मोनालिसा ओडिया, हिंदी, बंगाली और तेलुगु भाषाओं की फिल्मों में भी काम कर रही हैं। मोनालिसा टीवी शो 'डायन' में मोहना के किरदार में नजर आ चुकी हैं, जिसमें उन्हें काफी पसंद किया गया।
आइए बर्थडे स्पेशल में जानते हैं मोनालिसा की निजी और फिल्मी लाइफ से जुड़ी कुछ खास बातें :

असली नाम नहीं है मोनालिसा :
भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा का यह असली नाम नहीं है। मोनालिसा ने फिल्मी दुनिया में कदम रखने के बाद अपना नाम बदलकर मोनालिसा रख लिया। मोनालिसा का असली नाम अंतरा विश्वास है। कोलकाता में जन्मी मोनालिसा की पढ़ाई भी यहीं हुई। खास बात यह है कि मोनालिसा ने संस्कृत विषय से अपने कॉलेज की पढ़ाई की थी। फिल्मों में कदम रखने से पहले अपने कॉलेज लाइफ में पॉकेट मनी के लिए मोनालिसा ने 16 साल की उम्र में रेस्तरां में गेस्ट रिलेशन एग्जीक्यूटिव के पोस्ट पर काम किया है।

बी-ग्रेड फिल्मों से शुरू हुआ सफर :
रेस्तरां में काम करने के साथ-साथ मोनालिसा ओडिया वीडियो में नजर आने लगी। इसके बाद मोनालिसा ने कई बी-ग्रेड की फिल्मों में भी काम किया था। लो-बजट की इन फिल्मों के बाद धीरे-धीरे मोनालिसा बड़ी बजट की फिल्मों की तरफ बढ़ी और आज वह भोजपुरी की सबसे महंगी हीरोइनों में गिनी जाती हैं। मोनालिसा ने अब तक करीब 125 भोजपुरी फिल्मों में काम किया है। मोनालिसा ने भोजपुरी के अलावा बंगाली, तेलुगु भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया है।

बिग बॉस 10 में आ चुकी हैं नजर :
भोजपुरी क्वीन मोनालिसा पॉपुलर टीवी रियलिटी शो 'बिग बॉस' का हिस्सा भी रह चुकी हैं। इसी शो में वह विक्रांत सिंह से मिली। बाद में शो के दौरान ही उनकी शादी विक्रांत सिंह से करवायी गयी। मोनालिसा पति विक्रांत सिंह के साथ शो 'स्मार्ट जोड़ी' में भी नजर आ चुकी हैं। मोनालिसा को टीवी शो 'डायन' में मोहना के किरदार में काफी पसंद किया गया है। इसके अलावा वह 'नच बलिए सीजन 8' में भी पति विक्रांत के साथ नजर आयी थी।

बचपन में कभी नहीं मनाया था बर्थडे :
रेस्तरां में काम करके मोनालिसा को हर महीने 3750 रुपये वेतन मिलता था। उन रुपयों से अपने लिए कोई चीज ना खरीदकर मोनालिसा अपनी मां को वह रुपये दे देती थी। इस बारे में एक इंटरव्यू के दौरान मोनालिसा ने कहा था, "हम मध्यम वर्गीय परिवार से आते थे। इसलिए हर महीने जो भी रुपये मिलते थे, वह मैं सीधा मां को दे देती थी। मैं बचपन में ही काफी होशियार हो गयी थी और सोचती थी कि किसी तरह घर की जरूरतों को पूरा किया जा सकें।" बचपन की यादों के बारे में बताते हुए मोनालिसा कहती हैं, "बचपन में हम कभी बर्थडे नहीं मनाते थे। किसी बर्थडे पर चॉकलेट मिल गया तो हम खुश हो जाया करते थे। ज्यादा कुछ पाने की लालसा नहीं थी। जो मिल जाता था उसमें ही खुश हो लेते थे।"


Click it and Unblock the Notifications











