इस वजह से फिल्मों से दूर होते जा रहे हैं जॉनी लीवर, किया चौंकाने वाला खुलासा

90 के दशक में अगर कोई एक्टर कॉमेडी का किंग बना तो वह जॉनी लीवर हैं। जॉनी लीवर ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से यह दिखा दिया था कि बिना किसी अश्लिलता के भी कॉमेडी करना इतना भी मुश्किल नहीं है। इसका सबसे अच्छा उदाहरण शाहरुख खान की फिल्म 'बादशाह' थी। इस फिल्म की स्क्रिप्ट में जॉनी लीवर के लिए अलग से कोई कॉमेडी सीन नहीं लिखी गयी थी। फिल्म में उन्होंने जितनी कॉमेडी की थी वह खुद से और अपने मन से ही की थी। लेकिन आज भी इस फिल्म को इसकी कॉमेडी की वजह से ही जाना जाता है। जॉनी लीवर ऐसे एक्टर हैं जो साल में दर्जन भर फिल्में भी किया करते थे। लेकिन आज वह फिल्मों में काफी कम नजर आते हैं।

फिल्मों से दूर होते जा रहे हैं जॉनी :
अपनी कॉमेडी से अपना एक अलग फैन बेस तैयार करने वाले जॉनी लीवर इन दिनों फिल्मों में काफी कम नजर आते हैं। अगर नजर आते भी हैं तो उनका रोल या तो बहुत छोटा होता है या फिर फिल्मों में उनकी कॉमेडी पहले वाली गुदगुदी नहीं जगाती है। इसकी वजह का खुलासा हाल ही में अपने एक इंटरव्यू के दौरान जॉनी लीवर ने खुद किया है। इसकी वजह बताते हुए जॉनी लीवर कहते हैं, "फिल्मों में अब कुछ इनसिक्योर एक्टर ऐसे होते हैं जो अपनी कॉमेडी खुद करना चाहते हैं। इसलिए मैं किसी ऐसी स्थिति में नहीं फंसना चाहता जहां मुझे ऐन मौके पर फिल्म से वॉक आउट करना पड़े।"

इंडस्ट्री में नहीं है कोई अच्छा कॉमेडी राइटर :
जॉनी लीवर ने इस इंटरव्यू के दौरान आगे कहा, "मैं अब काम के लिए इसलिए भी मना करने लगा हूं क्योंकि अब स्क्रिप्ट में वह दम नहीं रह गया जो पहले हुआ करता था। पहले इंडस्ट्री में अच्छे कॉमेडी राइटर हुआ करते थे। बाजीगर के सारे पंच मैंने खुद से किये थे। लेकिन हर बार मैं अकेला नहीं संभाल सकता हूं। फिल्म इंडस्ट्री में अब कोई अच्छा कॉमेडी राइटर नहीं है।" जॉनी ने आगे कहा, "पहले के जमाने में कॉमेडी को काफी इज्जत दी जाती थी लेकिन अब फिल्मों में कॉमेडी देखने को ही नहीं मिलती है। कई बार ऐसा भी होता था कि फिल्मों में मेरे सीन हीरो से ज्यादा हाईलाइटेड होते थे।"

मेरे सीन्स से हीरो होते थे इनसिक्योर :
इस इंटरव्यू में जॉनी लीवर ने कई चौंकाने वाले खुलासे किये। उन्होंने कहा, "कई बार मेरे सीन्स देखकर हीरो इनसिक्योर हो जाते थे और वे राइटर के पास जाकर कहते थे कि मुझे भी कॉमेडी सीन दे। इसके बाद धीरे-धीरे फिल्मों के हीरो को कॉमेडी सीन्स दिया जाने लगा और मेरे सीन कम होते चले गये।" जॉनी ने मायूसी भरे लहजे में कहा, "इसी वजह से आपलोग मुझे अब फिल्मों में कॉमेडी करते हुए नहीं देखते हैं। फिल्मों से कॉमेडी जा चुकी है और मेरा भी मन अब फिल्मों में काम करने का नहीं करता है।"


Click it and Unblock the Notifications











