B'day Special : समुद्र किनारे घुटनों पर बैठकर किया था शर्मीले शान ने प्रपोज
घर में गीत-संगीत का माहौल और बचपन से गायकी में रूचि की वजह से ही शांतनु मुखर्जी ने 4 साल की उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था। जी हां...हम यहां बॉलीवुड में मेलोडी गायकी के लिए जाने जानेवाले गायक शान की ही बात कर रहे हैं। शान जिनका असली नाम शांतनु मुखर्जी हैं। 30 सितंबर को शान अपना हैप्पी वाला बर्थडे मनाते हैं। शान के दादा जहर मुखर्जी मशहूर गीतकार और उनके पिता मानस मुखर्जी संगीतकार निर्देशक थे। बहन सागरिका के साथ गाया 17 साल की उम्र में शान ने पहली बार किसी म्यूजिक एलबम के लिए गाना गाया था।
आइए आपको गायक शान से जुड़ी कुछ खास बातें बताते हैं :

विज्ञापन जिंगल्स को दी अपनी आवाज :
17 साल की उम्र में शान ने अपना सिंगिंग कॅरियर शुरू किया था। जब वह 13 साल के थे, उस समय उनके पिता की मृत्यु हो गयी। इसलिए परिवार का खर्च उठाने के लिए उनकी मां भी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ गयी। शान ने सबसे पहले अपनी बहन सागरिका के साथ एक म्यूजिक एलबम में गाया था जिसमें कुछ गानों के रिमिक्स भी थी। यह एलबम हिट हुई। लेकिन शान अपने सोलो म्यूजिक एलबम 'लव-ओलॉजी' से चर्चा में आए। साल 1999 में शान के गाने 'भूल जा' और 'तन्हा दिल' को काफी लोकप्रियता मिली जिसके बाद उन्हें पीछे मुड़कर कभी देखने की जरूरत नहीं हुई।

कई भाषाओं में गानों को दी अपनी आवाज :
शान एक मल्टी टैलेंटेड सिंगर हैं। उन्होंने अब तक हिंदी और बांग्ला के अलावा मराठी, उर्दू, तेलूगु, कन्नड़, नेपाली, ओड़िया, पंजाबी और मलयालम भाषाओं में भी गाया है। शान ने शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन, सैफ अली खान, आमिर खान, ऋतिक रोशन, अक्षय कुमार, शाहिद कपूर, रणबीर कपूर, अभिषेक बच्चन और आर माधवन सहित कई अन्य कलाकारों को अपनी आवाज दी है। इसके अलावा शान ने कई सिंगिंग रियलिटी शोज को होस्ट भी किया है।

समुद्र किनारे शर्मिले शान ने किया प्रपोज :
शान जब अपनी पत्नी और तत्कालिन गर्लफ्रेंड राधिका से मिले थे, उस समय वह 24 और राधिका 17 साल की थी। शान थोड़े शर्मीले स्वभाव के थे, इसलिए प्रपोज करने में उन्हें समय लग गया। कुछ दिनों तक दोनों ने मुलाकात की और फिर एक दिन समुद्र किनारे बीच पर शान ने घुटनों पर बैठकर राधिका को प्रपोज कर दिया। राधिका ने तो झट हां कह दिया लेकिन असली परीक्षा शान को उनके पिता को मनाना था। जिस समय शान राधिका के पिता से मिलने पहुंचे वह रंग-बिरंगी कपड़े पहने हुए थे। राधिका के पिता ने शान को देखते ही कहा था, "तुम क्या इस कलाबाज से शादी करने वाली हो?" लेकिन शान की मुस्कुराहट पर राधिका के पिता पिघल गये और दोनों ने साल 2000 में शादी कर ली। दोनों की शादी को 20 साल से ज्यादा का समय बीत चुका है। शान और राधिका के दो बच्चे हैं, सोहम और शुभ।


Click it and Unblock the Notifications











