B'day Special : पुनीत इस्सर से इसलिए नाराज रहती हैं एवरग्रीन एक्ट्रेस रेखा, जानिए यहां
रेखा को बॉलीवुड की एवरग्रीन और सबसे मिस्टीरियस एक्ट्रेस कहा जा सकता है। उनकी निजी जिंदगी में क्या चल रहा है, इसकी कानों कान भनक शायद उनके साथ 24 घंटे बिताने वाले उनके स्टाफ को भी नहीं होती। शायद यहीं वजह है कि रेखा को लेकर हमेशा से ही लोगों के मन में काफी उत्सुकता रही है। रेखा ने काफी कम उम्र में शोहरत पा ली थी। 10 अक्टूबर को रेखा अपना बर्थडे सेलिब्रेट करती हैं। रेखा का जन्म चेन्नई में हुआ था। उनका असली नाम भानुरेखा गणेशन है। आर्थिक तंगी की वजह से रेखा ने फिल्मों में काम करना शुरू किया था। रेखा के फिल्मी कॅरियर में कई बार ऐसा हुआ जब उनका नाम किसी ना किसी एक्टर के साथ जोड़ा गया लेकिन इनमें एक नाम ऐसा रहा जो रेखा से कभी अलग ही नहीं हुआ और वो नाम था अमिताभ बच्चन का। रेखा अमिताभ के प्रति अपने प्यार को गाहे-बगाहे जाहिर करती रहती हैं हालांकि वह उनका नाम कभी भी अपनी जुबां से नहीं लेती।
आइए बर्थडे स्पेशल में जानते हैं रेखा से जुड़ी कुछ दिलचस्प किस्से

जबरन किस करने की वजह से रोयी थी 15 साल की रेखा :
फिल्म 'अंजाना सफर' में 15 साल की रेखा ने एक्टर विश्वजीत चटर्जी के साथ काम किया था। फिल्म के एक सीन की शूटिंग के दौरान विश्वजीत ने उन्हें किस किया और यह किस कुछ लंबा चला था। शॉट के पूरा होते ही रेखा रोने लगी थी, क्योंकि उन्हें इस किसींग सीन के बारे में नहीं बताया गया था। विश्वजीत को उन्हें जबरन किस करना पड़ा था। रेखा ने अपने कॅरियर के शुरुआती दौर में कुछ बोल्ड फिल्में भी की थी, इनमें से एक फिल्म 'प्राण जाए पर वचन ना जाए' थी, जो एक बी ग्रेड फिल्म थी। फिल्म में रेखा ने न्यूड सीन दिये थे, जिसे लेकर बॉलीवुड में काफी बवाल भी मचा था। रेखा के चेहरे पर सबसे ज्यादा आकर्षित उनके होठों पर बना तिल 'ब्यूटी स्पॉट' करता है। लेकिन असलियत में वह तिल नहीं है। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद ही एक इवेंट के दौरान किया था। रेखा ने बताया था कि फिल्म इंडस्ट्री में आने के बाद उनकी मां उन्हें नजर बट्टू लगाने की सलाह देती थी। इसलिए वह अपने होठों पर ब्यूटी स्पॉट की तरह वह उस नजर बट्टू को लगाने लगी थी।

अक्षय संग इंटिमेट सीन और संजय दत्त से प्यार :
रेखा ने फिल्म 'खिलाड़ियों का खिलाड़ी' में खुद से छोटे अक्षय कुमार के साथ काम किया था। इस फिल्म में उन्होंने अक्षय कुमार के साथ खूब बोल्ड सीन दिये थे। इसके बाद ही इंडस्ट्री की गलियों में यह अफवाह उड़ने लगी थी कि रेखा का अक्षय कुमार के साथ अफेयर चल रहा है। रेखा का नाम सिर्फ अक्षय ही नहीं संजय दत्त के साथ भी जुड़ा था। कहा जाता है कि फिल्म 'जमीन आसमान' की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ था। इस वजह से संजय की मां नरगिस, रेखा से काफी नाराज रहती थी। वह उन्हें 'घर तोड़ने वाली औरत' भी कह चुकी थी। हालांकि बाद में संजय ने इस बारे में अपनी सफाई भी दी थी। कहा जाता है कि रेखा का सुनील दत्त के साथ भी अफेयर रह चुका था। इसके अलावा रेखा का नाम विनोद मेहरा से भी जोड़ा गया था। बॉलीवुड रिपोर्ट्स के मुताबिक रेखा ने विनोद मेहरा से एक मंदिर में शादी की थी लेकिन जब दोनों विनोद के घर पहुंचे तो विनोद मेहरा की मां ने रेखा को स्वीकार करने से इंकार कर दिया था। वह रेखा को इतनी नापसंद करती थी कि उन्हें मारने भी दौड़ी थी। इसके बाद रेखा ने विनोद मेहरा का घर छोड़ दिया। रेखा ने कभी भी विनोद मेहरा से शादी की बात को स्वीकार नहीं किया था।

पुनीत इस्सर बने रेखा की लव स्टोरी के विलेन :
पुनीत इस्सर ना चाहते हुए भी रेखा और अमिताभ बच्चन की लव स्टोरी में 'विलेन' बन गये थे। फिल्म 'कुली' के सेट पर अमिताभ बच्चन को पुनीत इस्सर के साथ फाइट सीन की शूटिंग के दौरान ही काफी गहरी चोट आयी थी। पुनित ने अमिताभ को जानबूझकर नहीं मारा था लेकिन उनके मुक्के की वजह से ही अमिताभ को टेबल लग गया था जिस वजह से उनकी जान पर बन आयी थी। कहा जाता है कि उस समय अमिताभ और रेखा इतने करीब आ चुके थे कि वे शादी करने वाले थे। लेकिन इस हादसे के बाद पत्नी जया ने अमिताभ की दिन-रात सेवा की और जब अमिताभ ठीक हुए तो उन्होंने रेखा से दूरी बनानी शुरू कर दी। इस तरह पुनीत इस्सर ना चाहते हुए भी रेखा की लव स्टोरी में विलेन बन गये और कहा जाता है कि रेखा इसी वजह से आज भी पुनीत से नाराज रहती हैं।

किसके नाम का सिंदूर लगाती हैं रेखा :
1980 में नीतू-ऋषि की शादी में पहली बार रेखा अपनी मांग को सिंदूर से सजाकर वहां पहुंची थी। आमतौर पर शादियों में दुल्हा-दुल्हन ही सेंटर ऑफ अट्रैक्शन होते हैं लेकिन नीतू-ऋषि की शादी की महफिल को रेखा ने लूट लिया था। बात यहां तक पहुंच गयी थी कि पति अमिताभ के साथ वहां पहुंची जया बच्चन भी एक बार घबरा गयी थी कि कहीं रेखा ने चुपके से अमिताभ से शादी तो नहीं कर ली। इसके बाद से लेकर आज तक कई मौकों पर रेखा को अपनी मांग में सिन्दूर लगाते हुए देखा गया है। कई बार यह अफवाह भी उड़ी की वह संजय दत्त के नाम का सिन्दूर लगाती हैं तो कभी यह कहा गया कि रेखा, अमिताभ के साथ अपने अधुरे प्यार की याद में अपनी मांग में सिन्दूर लगाती हैं। इस बारे में जब रेखा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह सिर्फ फैशन के लिए सिंदूर लगाती हैं। बकौल रेखा, "मेरे चेहरे की खूबसूरती सिन्दूर लगाने से और भी बढ़ जाती है। इसलिए खुद को सजाने के लिए मैं सिन्दूर लगाती हूं।"

पति ने रेखा के दुपट्टे से ही लगायी फांसी :
साल 1990 में रेखा ने बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल से शादी की थी। लेकिन यह शादी सिर्फ 3 महीने ही चल पाई थी। शादी के 3 महीने बाद ही दोनों अलग हो गये। इसके बाद मुकेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। कहा जाता है कि मुकेश ने रेखा के दुपट्टे से ही फांसी लगायी थी। मुकेश अग्रवाल की मृत्यु के बाद रेखा पर उनके ससुरालवालों ने कई आरोप लगाये थे। इस बात का जिक्र रेखा ने अपनी बायोग्राफी में भी किया था। कहा जाता है कि रेखा को उनके ससुरालवालों ने 'चुड़ैल' भी कहा था जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था।


Click it and Unblock the Notifications











