इंडियन आइडल से एक ही दिन रिजेक्ट हुए थे आयुष्मान खुराना और नेहा कक्कड़, वापस लौटते समय खूब बहाए आंसू

हम सभी को पता है कि नेहा कक्कड़ ने इंडियन आइडल का ऑडिशन दिया था। किसी वजह से उस दिन उनका गाना जज को पसंद नहीं आया और नेहा का सिलेक्शन नहीं हो पाया था। लेकिन क्या आपको पता है कि जिस दिन नेहा कक्कड़ को इंडियन आइडल के ऑडिशन में रिजेक्ट किया गया था, ठीक उसी दिन बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना ने भी इंडियन आइडल का ऑडिशन दिया था और रिजेक्टेड हुए थे। इस बात का खुलासा हाल ही में इंडियन आइडल में बतौर गेस्ट पहुंचे आयुष्मान खुराना ने किया। वहीं नेहा इंडियन आइडल के जज की कुर्सी पर हैं।

फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे आयुष्मान खुराना :
बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना अभी अपनी फिल्म 'एन एक्शन हीरो' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। जयदीप अहलावत की इस फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में ही आयुष्मान इंडियन आइडल के सेट पर पहुंचे। शो के दौरान आयुष्मान ने अपनी पुरानी यादें शेयर की। आयुष्मान ने कुछ ऐसी बातें बताई जिसे सुनकर सभी हैरान रह गये। आयुष्मान ने शो में अपने और जज नेहा कक्कड़ से जुड़ा एक किस्सा सुनाया।

अपनी फिल्म के गाने पर आयुष्मान ने कंटेस्टेंट के साथ किया डांस :
शो पर पहुंचने पर सभी जज और कंटेस्टेंट ने आयुष्मान खुराना का काफी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। आयुष्मान ने अपनी फिल्म 'दम लगा कर हइशा' के गाने 'दर्द करारा' पर शो के कंटेस्टेंट्स के साथ डांस भी किया। आयुष्मान की फिल्म 'एन एक्शन हीरो' में अक्षय कुमार भी नजर आने वाले हैं। फिल्म में अक्षय कुमार ने अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली है।

नेहा के साथ बैठकर खूब रोए थे आयुष्मान :
शो के दौरान आयुष्मान ने अपने और जज नेहा कक्कड़ से जुड़ी एक बात बतायी। आयुष्मान ने कहा, "मैं और नेहा एक ही दिन इंडियन आइडल से रिजेक्ट हुए थे। मुंबई से वापस दिल्ली जाते समय ट्रेन में हम करीब 50 लोग थे और सभी खूब आंसू बहा रहे थे। नेहा आज यहां जज है और मैं बतौर गेस्ट यहां आया हूं जो मेरे लिए बहुत मायने रखती है।" आयुष्मान ने कहा कि आज गाना उनके जीवन का एक छोटा हिस्सा मात्र है लेकिन एक समय ऐसा था जब वह सिंगिंग को ही बतौर पेशा अपनाना चाहते थे।

अरिजीत सिंह भी नहीं बन सके थे विनर :
आमतौर पर माना जाता है कि किसी रियलिटी शो में मौका ना मिलना या उसका विनर नहीं बनने पर कॅरियर खत्म हो जाता है। लेकिन बॉलीवुड में कुछ ऐसे लोग भी सक्रिय हैं जिन्होंने यह साबित किया है कि कॅरियर में आगे बढ़ने के लिए सिर्फ रियलिटी शो की सीढ़ी ही एकमात्र रास्ता नहीं होती है। अगर मजबूत इच्छाशक्ति हो तो इंसान कुछ भी कर सकता है। आयुष्मान खुराना और नेहा कक्कड़ के अलावा अदम्य इच्छाशक्ति का उदाहरण गायक अरिजीत सिंह भी हैं। अरिजीत सिंह ने भी इंडियन आइडल में हिस्सा तो लिया था लेकिन वह उसके विनर नहीं बन सकें। इसके बावजूद आज अरिजीत सिंह की गिनती बॉलीवुड के टॉप गायकों में होती है।


Click it and Unblock the Notifications











