करोड़ों की संपत्ति और आलीशान बंगले के मालिक हैं बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह

इन दिनों अपने गाने को लेकर विवादों से घिरे अरिजीत सिंह सुर्खियों में छाये हुए हैं। कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में अपने गाने 'रंग दे तु मोहे गेरुआ' को गाकर विवादों में घिरे अरिजीत ने आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। अपने बयान में उन्होंने कहा है, "गेरुआ तो स्वामी विवेकानंद का रंग है। गुरुआ की जगह अगर वहां सफेद रंग होता, तब भी क्या इतना विवाद होता? रंग को लेकर इतना विवाद क्यों?" देश के टॉप गायकों में शुमार अरिजीत सिंह के फैंस देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फैले हुए हैं। अरिजीत सिंह का गाया हुआ लगभग हर गाना उनके फैंस के सिर चढ़कर बोलता है। सोशल मीडिया पर भी अरिजीत सिंह के गाने खूब वायरल होते हैं। देश के टॉप गायक होने और करोड़ों की संपत्ति के मालिक होने के बावजूद अरिजीत सिंह बेहद सादगी से अपना जीवन जीना पसंद करते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अरिजीत सिंह एक-एक गाने की रिकॉर्डिंग के लिए लगभग 20-25 लाख रुपये चार्ज करते हैं। इस वजह से अरिजीत सिंह की संपत्ति आज करोड़ों रुपये तक पहुंच चुकी है। कई सालों तक बॉलीवुड में संघर्ष करने के बाद अरिजीत सिंह ने आखिरकार अपनी जगह मुंबई म्यूजिक इंडस्ट्री में बनाने में कामयाबी पायी। बताया जाता है कि कुछ साल पहले अरिजीत सिंह अपने परिवार के साथ नवी मुंबई के एक आलीशान बंगले में शिफ्ट हो गये थे, जिसकी कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बतायी जाती है। अरिजीत सिंह के पास गाड़ियों की लंबी चौड़ी कतार तो नहीं है, लेकिन उनके कलेक्शन में कुछ लग्जरी गाड़ियां हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अरिजीत सिंह के पास रेंज रोवर, हमर और मर्सिडिज बेंज जैसी लग्जरी गाड़ियां हैं। अरिजीत सिंह की सभी गाड़ियों की कीमत करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये तक है।
फिल्मों में गाने के अलावा अरिजीत सिंह की लाइव कॉन्सर्ट से भी मोटी कमाई होती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अरिजीत सिंह अपने एक घंटे के एक लाइव कॉन्सर्ट के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। इस तरह से सालाना लाइव कॉन्सर्ट से उनकी लगभग 8 करोड़ रुपये तक की कमाई हो जाती है। अरिजीत सिंह कुल मिलाकर लगभग 52 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। अपने एनजीओ की चैरिटी के लिए भी अरिजीत सिंह अक्सर कॉन्सर्ट करते रहते हैं। इसके साथ ही अरिजीत सिंह एक एनजीओ भी चलाते हैं। अरिजीत सिंह फिल्म इंडस्ट्री से हाइएस्ट पेड सिंगर होने के साथ-साथ हाइएस्ट टैक्स पेयर सिंगर भी हैं।


Click it and Unblock the Notifications

