Throwback: जब अमिताभ बच्चन ने तोड़ दिया था अनुपम खेर का घमंड, कर दी थी एक्टर की बोलती बंद

Anupam Kher birthday: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर आज अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं। 'सारांश' से बॉलीवुड में कदम रखने के बाद अनुपम खेर ने कभी पीछे पलट कर नहीं देखा। अनुपम खेर ने कई फिल्मों में अहम किरदार निभाए हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक कई सफल फिल्में की हैं। लेकिन, एक समय ऐसा भी था जब अनुपम खेर अपनी जिंदगी के बेहद बुरे दौर में थे।
लेकिन, इस दौरान उनकी मुलाकात अमिताभ बच्चन से हुई और उन्हें अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा पाठ मिल गया। अनुपम खेर ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्हें बिजनेस की बिल्कुल भी समझ नहीं है इसलिए उन्हें इसमें नुकसान भी सहना पड़ा है। साथ ही, 'द कपिल शर्मा शो' में भी अनुपम खेर ने अमिताभ बच्चन से जुड़ी घटना का खुलासा किया था।
अनुपम खेर ने बताया कि अमिताभ बच्चन की वजह से उन्होंने फिर से नई शुरुआत की। कपिल शर्मा के शो में अनुपम खेर ने शेयर किया था कि, कैसे अमिताभ बच्चन ने उन्हें जिंदगी का पाठ पढ़ाया था।

अनुपम खेर को चाहिए थी एसी
अनुपम खेर ने खुलासा किया था कि 25-30 फिल्में करने के बाद वो सेट पर पंखा और एसी ढूंढते थे। अनुपम खेर ने कहा था- 'चेन्नई में शूटिंग के दौरान मैं पूछ रहा था कि एसी किधर है। एसी के बिना मैं एक्टिंग नहीं कर पा रहा था। मैं बोल रहा था पंखा लाओ। तभी मैंने पूछा पहला सीन किसके साथ है और सामने वाले ने कहा बच्चन सर के साथ।'

जब हुई बिग बी से मुलाकात
अनुपम खेर जब खुद अमिताभ बच्चन से मिलने के लिए गए तो उन्होंने देखा कि, अमिताभ बच्चन दाढ़ी, मूंछ और विग लगाए बैठे हैं। अनुपम खेर ने उन्हें हैलो सर बोला। अमिताभ बच्चन ने उन्हें बैठने के लिए कहा।

अनुपम खेर रह गए हैरान
अमिताभ बच्चन को गर्मी में यूं बैठे देखकर अनुपम खेर से रहा नहीं गया और उन्होंने पूछ लिया कि, 'दाढ़ी, मूंछ और विग में उन्हें गर्मी नहीं लग रही है।' लेकिन, अमिताभ बच्चन ने उनसे कहा- 'गर्मी का सोचो अनुपम तो गर्मी लगती है नहीं सोचो तो नहीं लगती है। ज्यादातर चीजें हमारी दिमाग की उपज होती है। '

टूट गया अनुपम खेर का घमंड
अमिताभ बच्चन की इस एक लाइन ने अनुपम खेर के सारे घमंड को तोड़ कर दिया था। इसके बाद अनुपम खेर को भी समझ आ गया कि कैसे बड़ा स्टार बनने के बाद भी खुद को विनम्र रखना चाहिए।

ऊंचाई में आए नजर
अनुपम खेर और अमिताभ बच्चन कई फिल्मों में साथ में नजर आ चुके हैं। कुछ महीनों पहले ही दोनों की फिल्म 'ऊंचाई' रिलीज हुई थी। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और अनुपम खेर दोस्त की भूमिका में नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स ने भी खूब सराहा था।


Click it and Unblock the Notifications