80 साल के अमिताभ बच्चन के पास हैं 6 फिल्में, चोटिल होने के बाद रुकी शूटिंग, जानें क्या पड़ेगा असर?

अमिताभ बच्चन हैदराबाद में अपनी आने वाली फिल्म 'प्रोजेक्ट के' की शूटिंग के दौरान घायल हो गए हैं। बिग बी ने अपने ब्लॉग पर अपनी हेल्थ अपडेट शेयर की है और जानकारी दी है कि, वो फिलहाल मुंबई स्थित अपने घर पर आराम कर रहे हैं। उनकी फिल्मों की शूटिंग को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। अमिताभ बच्चन ने बताया कि फिल्म की शूटिंग कैंसिल करनी पड़ी क्योंकि उन्हें चोट से उबरने में कई सप्ताह लगेंगे।
अमिताभ बच्चन को फिलहाल सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। 80 वर्षीय अमिताभ बच्चन उम्र के इस पड़ाव में भी कई यंग सुपरस्टार्स की तरह व्यस्त रहते हैं। वो इस समय एक नहीं बल्कि 6 फिल्मों में काम कर रहे हैं। उनकी आखिरी रिलीज फिल्म 'ऊंचाई' को दर्शकों ने खूब सराहा था। क्रिटिक्स ने भी इस फिल्म को पसंद किया था। ऐसे में जब अमिताभ बच्चन को अचानक चोट लगी है तो जाहिर है इसका असर भी कई फिल्मों पर पड़ेगा।
अमिताभ बच्चन फिलहाल 'गणपत', 'घूमर', 'द उमेश क्रॉनिकल्स', 'प्रोजेक्ट K', 'बटरफ्लाई', 'खाकी 2' में व्यस्त हैं। हालांकि इनमें से गणपत, घूमर, द उमेश क्रॉनिकल्स फिल्मों में अमिताभ बच्चन का स्पेशल अपीयरेंस हैं। इसलिए इन फिल्मों पर अमिताभ बच्चन की चोट का असर नहीं होगा।

प्रोजेक्ट के पर असर
अमिताभ बच्चन की चोट का सबसे बड़ा असर 'प्रोजेक्ट के' पर होने जा रहा है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के अलावा प्रभास, दीपिका पादुकोण और दिशा पाटनी भी हैं। यह एक साइंस फिक्शन फिल्म है जिसमें अमिताभ बच्चन अहम किरदार निभा रहे हैं। अमिताभ बच्चन को चोट लगने की वजह से यह फिल्म और आगे जा सकती है।

सबसे महंगी फिल्म
'प्रोजेक्ट के' अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में एक है। इस फिल्म का बजट 500 करोड़ है। पहले ही यह फिल्म कोरोना पैनडेमिक की वजह से तय समय से काफी आगे खिसक गई है और अमिताभ बच्चन के चोटिल होने के बाद फिलहाल फिल्म पर संकट गहरा गया है।

खाकी 2 पर नहीं पड़ेगा असर
वहीं, 'खाकी 2' की बात करें तो इस फिल्म की शूटिंग फिलहाल शुरू नहीं हुई है। फिल्म 2025 में रिलीज होगी ऐसे में इस पर अमिताभ बच्चन की सेहत का फिलहाल कोई असर नहीं पड़ेगा। अमिताभ बच्चन के फैंस उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। पिछली बार फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान में एक्शन सीन्स करते हुए भी बिग बी चोटिल हुए थे।


Click it and Unblock the Notifications