Akshay Kumar Birthday: मिशन रानीगंज, स्काई फोर्स समेत अक्षय कुमार की 7 फ़िल्में, बॉक्स ऑफिस पर धमाका की तैयारी

Akshay Kumar Upcoming Films: ओएमजी 2 जैसी हिट फिल्म के साथ अक्षय कुमार एक बार फिर बॉक्स ऑफिस रेस में वापसी कर चुके हैं। फिल्म 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बनने के साथ साथ अक्षय की टॉप फिल्मों में भी शामिल हो चुकी है। वहीं, 2024 में अपनी आगामी फिल्मों के साथ अक्षय एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के लिए तैयार हैं।
आज सुपरस्टार अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर हम उनकी आगामी फिल्मों पर चर्चा करने वाले हैं, जो साल 2023, 2024 और 2025 में रिलीज होने वाली है। इनमें से ज्यादातर फिल्में भारी भरकम बजट पर बन रही हैं। कुछ एक्शन फिल्में भी हैं, कुछ कॉमेडी भी तो कुछ सोशल ड्रामा। देखना दिलचस्प होगा आने वाले सालों में अक्षय कुमार की आने वाली तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखा पाती हैं।
यहां जानें अक्षय कुमार की आने वाली 7 फिल्में-
मिशन रानीगंज
पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर तले अक्षय कुमार स्टारर रेस्क्यू थ्रिलर 'मिशन रानीगंज' 6 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। यह फिल्म "रानीगंज कोलफील्ड" में एक असल जीवन की घटना और दिवंगत श्री जसवंत सिंह गिल के साहसिक काम से प्रेरित है। फिल्म में अक्षय के साथ परिणीति चोपड़ा, कुमुद मिश्रा, पवन मल्होत्रा, रवि किशन, वरुण बडोला जैसे कलाकार हैं।
स्काई फोर्स
स्काई फोर्स में अक्षय कुमार भारतीय वायु सेना अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं। ये फिल्म कथित तौर पर वास्तविक जीवन की घटनाओं पर आधारित है। अभिषेक कपूर और संदीप केलवानी द्वारा निर्देशित, यह फिल्म दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बन रही है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सारा अली खान और निम्रत कौर हैं। ये फिल्म 16 फरवरी 2024 को रिलीज होगी।
बड़े मियां छोटे मियां
पूजा एंटरटेनमेंट ने अपनी बड़ी फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' के लिए ईद 2024 लॉक कर लिया है। अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और मानुषी छिल्लर मुख्य किरदारों में हैं। वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन इस फिल्म में एक दमदार विलेन के रूप में नजर आएंगे। फिल्म 10 अप्रैल या 11 अप्रैल, 2024 को रिलीज़ होगी।
हाउसफुल 5
हाउसफुल 5 अगले साल यानि की 2024 की दिवाली पर रिलीज होने वाली है। तरुण मनसुखानी द्वारा निर्देशित, हाउसफुल 5 मौज-मस्ती, मनोरंजन और कॉमेडी की एक रोलर-कोस्टर सवारी के वादे के साथ 2024 में आपकी दिवाली को जगमगाने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्टारकास्ट की बात करें तो, फिलहाल अक्षय कुमार और रितेश देशमुख इसमें फाइनल हैं.. जबकि कई स्टार कलाकार और भी शामिल होंगे। फिल्म को प्रोड्यूस करेंगे साजिद नाडियाडवाला।
वेलकम टू द जंगल
वेलकम और वेलकम बैक के बाद से ही, फैंस इस कॉमेडी फ्रैंचाइजी की तीसरी किस्त का इंतजार कर रहे थे। फ़िरोज़ ए नाडियाडवाला ने अपनी कॉमेडी फ्रैंचाइज़ी की तीसरी किस्त का नाम रखा है- 'वेलकम टू द जंगल'। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट के लिए क्रिसमस 2024 को लॉक कर दिया है। फिलहाल फिल्म की कास्टिंग को लेकर कोई खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन खबरें हैं कि अक्षय कुमार, संजय दत्त, अरशद वारसी फाइनल हैं।
हेरा फेरी 3
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का प्रोमो भी शूट किया जा चुका है। फिल्म में संजय दत्त की भी होने की अफवाहें हैं।
जॉली एलएलबी 3
जॉली एलएलबी 3 अगले साल यानि की 2024 में फ्लोर पर जाएगी। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी एक दूसरे के सामने होंगे। वहीं, पिछली दो फिल्मों के जज सौरभ शुक्ला ही केस की सुनवाई करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
