ब्लॉकबस्टर साल के लिए तैयार हैं अजय देवगन, 7 महीनों में बैक टू बैक रिलीज हो रही है 5 फिल्में
साल 2022 बॉलीवुड फिल्मों के मामले में काफी धमाकेदार होने वाला है। डेढ़ सालों से टल रही फिल्में अब अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार हैं। वहीं, कई नई फिल्मों की भी घोषणा हो चुकी है। ऐसे में 2022 में हर शुक्रवार फिल्में एक दूसरे से टकराने वाली हैं। जहां अक्षय कुमार ने हर त्योहार बुक कर लिया है, वहीं सुपरस्टार अजय देवगन भी एक ब्लॉकबस्टर साल के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अजय देवगन की 5 फिल्में साल 2022 के पहले 7 महीनों में रिलीज हो रही हैं। जनवरी में 'आरआरआर' से लेकर जुलाई में 'थैंक गॉड' तक, अगले साल वह 5 बिल्कुल अलग- अलग तरह की फिल्मों के साथ आ रहे हैं। कोई शक नहीं कि अजय देवगन फैंस के लिए ये किसी ट्रीट से कम नहीं।

देखा जाए तो इन दिनों अजय देवगन के पास फिल्मों की लाइन लगी है। कुछ फिल्मों से वो बतौर एक्टर जुड़े हैं, तो कुछ को प्रोड्यूस कर रहे हैं, वहीं कुछ के निर्देशन का जिम्मा भी उठा रहे हैं। बहरहाल, यहां जानें साल 2022 में अजय देवगन की आने वाली फिल्में-

आरआरआर
रिलीज डेट- 7 जनवरी
बाहुबली निर्देशक एसएस राजामौली की अगली बिग बजट फिल्म RRR में रामचरण और जूनियर एनटीआर के साथ अजय देवगन और आलिया भट्ट दिखेंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में अजय देवगन का रोल 10 मिनटों का ही है, लेकिन बहुत दमदार है।

गंगूबाई काठियावाड़ी
रिलीज डेट- 18 फरवरी
वहीं, आलिया भट्ट स्टारर संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में अजय देवगन कैमियो लेकिन अहम भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं। फिल्म में उनका रोल 20 मिनटों का है।

मेडे
रिलीज डेट- 29 अप्रैल
अजय देवगन ने निर्देशन में बन रही फिल्म 'मे डे' एक थ्रिलर ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें अजय देवगन, अमिताभ बच्चन और रकुल प्रीत सिंह मुख्य किरदारों में होंगे। फिल्म ईद के मौके पर रिलीज हो रही है।

मैदान
रिलीज डेट- 3 जून
सैयद अब्दुल रहीम पर आधारित इस फिल्म के निर्देशक हैं अमित शर्मा, जिन्होंने 2018 में बधाई हो जैसी सुपरहिट फिल्म दी है। फिल्म में अजय देवगन के साथ दिखेंगी प्रियमणि। फिल्म 3 जून को थियेटर में रिलीज होने वाली है।

थैंक गॉड
रिलीज डेट- 29 जुलाई
'थैंक गॉड' एक हल्की फुल्की कॉमेडी फिल्म होगी। फिल्म में सिद्धार्थ एक पुलिस अफसर की भूमिका निभा रहे हैं। इंद्र कुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को भूषण कुमार और यश शाह प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं, सूत्रों की मानें तो फिल्म में अजय देवगन गॉड यानि की भगवान का किरदार निभा रहे हैं।

रूद्र - द एज ऑफ डार्कनेस
इन सारी फिल्मों के अलावा,अजय देवगन डिज़्नी हॉटस्टार की वेब सीरीज़ रूद्र - द एज ऑफ डार्कनेस के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रहे हैं। सीरिज में अजय देवगन के साथ ईशा देओल दिखेंगी। फिलहाल इसकी रिलीज डेट तय नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications











