27 years of DDLJ: शाहरूख खान ने इस गाने के लिए पहना था ऋषि कपूर का चांदनी स्वेटर, बड़े से छेद को यूं छिपाया

शाहरूख खान और काजोल स्टारर फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के 27 सालों का जश्न मनाया जा रहा है। 27 years of DDLJ के मौके पर फैन्स को भी फिल्म से जुड़े दिलचस्प किस्से जानने को मिल रहे हैं। ऐसा ही एक किस्सा हम लाए हैं फिल्म में शाहरूख खान के एक स्वेटर से जुड़ा।
ये किस्सा है फिल्म के गाने हो गया है तुझको तो प्यार सजना की शूटिंग के दौरान का। इस गाने की शूटिंग के दौरान, आदित्य चोपड़ा को शाहरूख खान के लिए कोई भी कॉस्ट्यूम नहीं जम रहा था। अनाइता श्रॉफ और करण जौहर उन्हें ढेर सारे विकल्प दे चुके थे लेकिन आदित्य चोपड़ा सब रिजेक्ट करते जा रहे थे।
ऐसे में आदित्य चोपड़ा ने असिस्टेंट डायरेक्टर करण जौहर को सुझाव दिया कि जाकर, फिल्म चांदनी के कॉस्ट्यूम पेटी में ढूंढे। चूंकि, चांदनी भी यशराज फिल्म्स ने बनाई थी इसलिए उस फिल्म के कॉस्ट्यूम स्टूडियो में ही पड़े थे।

मिला ऋषि कपूर का स्वेटर
चांदनी की पेटी खोली गई तो करण जौहर को उसमें एक पुराना स्वेटर मिला। ये स्वेटर, ऋषि कपूर ने चांदनी फिल्म के दौरान पहना था। दिक्कत ये थी कि इस पर एक बड़ा सा छेद भी था। लेकिन सभी को ये स्वेटर पसंद आ गया। ऐसे में करण जौहर को पास एक दूसरा स्वेटर था जिस पर एक लोगो था। करण जौहर ने वो लोगो निकाला और सीधा चांदनी वाले स्वेटर पर लगा दिया जहां छेद था। इसके बाद ही शूटिंग शुरू हुई। फिल्म से जुड़े ऐसे ढेरों किस्से हैं।

छिछोरा लड़का था राज
शाहरूख खान कभी राज बनना ही नहीं चाहते थे। और उन्हें DDLJ एक ठीक ठाक सी फिल्म लगी थी और राज एक छिछोरा लड़का है।शाहरूख खान ने जब पहली बार फिल्म की कहानी सुनी तो उन्होंने आदित्य चोपड़ा को कोई जवाब नहीं दिया। बाद में यश चोपड़ा के पूछने पर उन्होंने कहा कि वो 26 साल के हो चुके हैं और ऐसे रोमांटिक लड़के का किरदार निभाने के लिए बहुत बड़े हैं।

यश चोपड़ा ने दी थी सीख
शाहरूख खान ये फिल्म करना ही नहीं चाह रहे थे लेकिन फिरयश चोपड़ा ने उन्हें समझाया कि जब तक वो एक रोमांटिक फिल्म नहीं करेंगे वो सुपरस्टार कभी नहीं बनेंगे। शाहरूख खान ने यश चोपड़ा की बात मान ली और ये फिल्म उनके करियर की पहली ब्लॉकबस्टर बनी।

हर अवार्ड के हकदार बने शाहरूख खान
इस फिल्म की रिलीज़ के बाद सारे अवार्ड्स जब दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे को मिले तो इसके बाद आमिर खान ने गुस्से में अवार्ड फंक्शन में आना छोड़ दिया। आमिर खान को लगता था कि उन्हें रंगीला के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड मिलना चाहिए था, ना कि शाहरूख खान को।

आदित्य चोपड़ा को मिला सबका साथ
गीतकार आनंद बख्शी ने इस फिल्म के लिए गाने लिखे थे और जतिन ललित ने म्यूज़िक दिया था। जतिन ललित ने फिल्म की मेकिंग वीडियो में बताया कि आनंद बख्शी को जब आदित्य चोपड़ा ने पहली बार फिल्म की कहानी सुनाई तो उन्होंने कहा कि ये लड़का जितनी कहानी बता रहा है और जिस तरह से बता रहा है, अगर इसने इसका आधा भी परदे पर उतार दिया तो इस फिल्म को परदे से कोई नहीं उतार पाएगा।
हालांकि,फिल्म को लेकर यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा के बीच भी काफी बहसबाज़ी होती थी। यश चोपड़ा कुछ चीज़ों को लेकर बिल्कुल खिलाफ थे लेकिन आदित्य चोपड़ा चाहते थे कि वो सारी चीज़ें फिल्म में रहें। और आदित्य चोपड़ा ने यश चोपड़ा की एक नहीं सुनी थी।


Click it and Unblock the Notifications












