गोलमाल के 15 साल: रोहित शेट्टी की सीरीज़ की कुल कमाई 650 करोड़, गोलमाल 5 की तैयारी शुरू
रोहित शेट्टी की सबसे सफल फ्रेंचाईज़ी और बॉलीवुड की बेस्ट कॉमेडी फ्रेंचाईज़ी गोलमाल सीरीज़ की पहली फिल्म गोलमाल: फन अनलिमिटेड की रिलीज़ को 15 साल पूरे हो चुके हैं। फिल्म 14 जुलाई 2006 को रिलीज़ हुई थी। अजय देवगन, शरमन जोशी, अरशद, वारसी, तुषार कपूर, रिमी सेन, परेश रावल और सुष्मिता मुखर्जी स्टारर इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में कॉमेडी फिल्मों को मसाला फिल्मों के साथ बड़े ही शानदार तरीके से जोड़ा।
रोहित शेट्टी, विशुद्ध मसाला फिल्मों के किंग हैं जिन्हें अपने दर्शकों की पूरी समझ है। जिस तरह दर्शकों को पता है कि रोहित उन्हें फिल्म में कौन सा मसाला कितनी मात्रा में देंगे, वहीं दूसरी तरफ, रोहित को भी पता है कि दर्शक को उनकी फिल्म से क्या और कितनी उम्मीदें हैं।

गोलमाल की सफलता के बाद रोहित शेट्टी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और वो इस सीरीज़ को आगे बढ़ाते गए। 2008 में गोलमाल रिटर्न्स, 2010 में गोलमाल 3 और फिर 2017 में गोलमाल अगेन। अब रोहित शेट्टी गोलमाल 5 बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो लॉकडाउन में उन्होंने फिल्म पर काफी काम भी किया।
गोलमाल सीरीज़ की चारों फिल्मों ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर 390 करोड़ की कमाई की है। वहीं इन चारों फिल्मों ने मिलकर वर्ल्डवाइड 650 करोड़ की कमाई की है। जानिए इन फिल्मों के जादुई बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स

15 साल पहले हुई शुरूआत
रोहित शेट्टी और अजय देवगन की इस मज़ेदार सीरीज़ की शुरूआत 15 साल पहले हुई थी। इस फिल्म के साथ अजय देवगन ने एक बार फिर से कॉमेडी फिल्मों में अपनी वापसी की थी। गोलमाल का नाम रखा गया था फिल्म के चार मुख्य किरदारों के नाम पर - गोपाल (अजय देवगन), लक्ष्मण (शरमन जोशी), माधव (अरशद वारसी) और लकी (तुषार कपूर)।

गोलमाल का एंट्री सीन
गोलमाल के एंट्री सीन के साथ अजय देवगन ने अपने पिता वीरू देवगन को ट्रिब्यूट दिया था। ये एंट्री सीन, अजय देवगन की डेब्यू फिल्म फूल और कांटे के एंट्री सीन जैसे ही था। फूल और कांटे के इस सीन को अजय देवगन के पिता वीरू देवगन ने डिज़ाईन किया था। दिलचस्प ये है कि फूल और कांटे में रोहित शेट्टी ने वीरू देवगन को असिस्ट किया था। इसके बाद सीरीज़ की हर फिल्म में अजय देवगन की एंट्री इसी तरह हुई।

गोलमाल का बॉक्स ऑफिस
गोलमाल का बजट था 13 करोड़ रूपये। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। फिल्म ने 2.3 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 7 करोड़ और पहले हफ्ते में 13 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 27 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 70 करोड़ की कमाई की थी।

रीमेक थी गोलमाल रिटर्न्स
गोलमाल अगेन एक मराठी फिल्म का रीमेक थी जिसका नाम था फेका फेकी। इस फिल्म में अशोक सर्राफ और लक्ष्मीकांत बिरडे मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म के डायलॉग्स लिखे थे साजिद फरहाद ने। फिल्म में करीना कपूर, एकता कपूर के सास बहू सीरियल की फैन बनी दिखाई दी थीं जो हर वक्त केवल सीरियल के डायलॉग्स बोलती है।

गोलमाल रिटर्न्स का बॉक्स ऑफिस
गोलमाल रिटर्न्स का बजट था 24 करोड़ रूपये। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज़्यादा असर नहीं छोड़ पाई थी और इस सीरीज़ की सबसे कमज़ोर फिल्म थी। फिल्म ने 6 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 17.5 करोड़ और पहले हफ्ते में 33 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 51 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 108 करोड़ की कमाई की थी।

खट्टा मीठा से प्रेरित गोलमाल 3
गोलमाल 3 कास्ट के लिहाज़ से और भी बड़ी फिल्म थी। इस फिल्म की स्टारकास्ट में मिथुन चक्रवर्ती, रत्ना पाठक शाह और कुणाल खेमू जुड़ गए। ये फिल्म बासु चटर्जी की मशहूर फिल्म खट्टा मीठा से प्रेरित थी। खट्टा मीठा में अशोक कुमार और पर्ल पद्मसी मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म के लेखक थे साजिद फरहाद।

गोलमाल 3 का बॉक्स ऑफिस
गोलमाल 3 का बजट था 40 करोड़ रूपये। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने 8 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 33.5 करोड़ और पहले हफ्ते में 62 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 106 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 160 करोड़ की कमाई की थी।

भूतिया कॉमेडी गोलमाल अगेन
इसके बाद गोलमाल अगेन के साथ रोहित शेट्टी ने अजय देवगन को उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म तोहफे में दी। गोलमाल अगेन एक भूतिया कॉमेडी थी और दर्शकों ने हर बार की तरह फिल्म को बहुत प्यार दिया। अजय देवगन और रोहित शेट्टी की साथ में ये 10वीं फिल्म थी। गोलमाल अगेन से पहले वो ज़मीन, संडे, ऑल द बेस्ट, गोलमाल, गोलमाल रिटर्न्स, गोलमाल 3, बोल बच्चन, सिंघम, सिंघम रिटर्न्स में साथ काम कर चुके थे।

गोलमाल अगेन का बॉक्स ऑफिस
गोलमाल अगेन का बजट था 100 करोड़ रूपये। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धुंआधार कमाई करते हुए दीवाली का मज़ा दे दिया था। फिल्म ने 30 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 87.5 करोड़ और पहले हफ्ते में 137 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 205 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 310 करोड़ की कमाई की थी।

गोलमाल 5 की तैयारी
अब रोहित शेट्टी और अजय देवगन अपनी 12वीं फिल्म गोलमाल 5 की तैयारी में जुट गए हैं। रोहित शेट्टी का मानना है कि गोलमाल सीरीज़ बनाना उनके लिए थोड़ा आसान रहता है क्योंकि उन्हें लगता है कि अब गोलमाल उनकी नहीं बल्कि दर्शकों की फिल्म हो चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications











