10 दिनों में रिलीज होगी 'लाल सिंह चड्ढा'- ऐसी होगी आमिर खान के फिल्म की कहानी, जानें बजट और बॉक्स ऑफिस हाल
आमिर खान और करीना कपूर खान स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' की रिलीज में अब सिर्फ 10 दिनों का वक्त रह गया है। फिल्म के ट्रेलर से लेकर गानों तक को लोगों से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिली है, ऐसे में दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्साह है। बता दें, फिल्म 11 अगस्त को वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
फिल्म एक ऐसे बच्चे की कहानी है जिसे दौड़ने में खुशी मिलती है। दौड़ने का उसका जुनून उसे जीवन के सबसे प्रभावशाली स्थानों में से एक पर ले जाता है और उसे अपना असली स्वरूप खोजने में मदद करता है। उसकी कहानी अहम भारतीय ऐतिहासिक घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की कहानी लाल सिंह चड्ढा के बचपन से शुरू होती है और 50 साल की उम्र तक चलती है।

आमिर खान प्रोडक्शंस, किरण राव और वायकॉम 18 स्टूडियो द्वारा निर्मित 'लाल सिंह चड्ढा' में आमिर- करीना समेत मोना सिंह और चैतन्य अक्किनेनी भी हैं। ये हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गंप की ऑफिशियल रीमेक है। जिसमें मुख्य किरदार टॉम हैंक्स ने निभाई थी।

भारी भरकम बजट
रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का बजट 150- 170 करोड़ तक का बताया जा रहा है। फिल्म को कई अलग अलग लोकेशंस पर शूट किया गया है। उदाहरण के तौर पर फिल्म का गाना 'तुर कलेयां' कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी के अलग अलग लोकेशन पर फिल्माया गया है।

हिट होने के लिए करना होगा इतना कलेक्शन
बजट के हिसाब से लाल सिंह चड्ढा को बॉक्स ऑफिस पर हिट होने के लिए कम से कम 200-220 करोड़ तक की कमाई करना पड़ेगी। जबकि ब्लॉकबस्टर की श्रेणी में जाने के लिए फिल्म को 300 करोड़ का आंकड़ा पार करना होगा।

लंबा वीकेंड
खास बात है कि फिल्म के पास कमाने के लिए एक लंबा वीकेंड है। यह 11 अगस्त यानि की गुरुवार को रिलीज हो रही है.. जिस दिन रक्षाबंधन की छुट्टी होती है। लिहाजा, इसका फायदा फिल्म को मिल सकता है। वहीं, फिर शुक्रवार, शनिवार और रविवार को कमाई करने के बाद.. सोमवार यानि की 15 अगस्त का फायदा फिल्म उठा सकती है.. जब देशभर में छुट्टी रहेगी।

ओपनिंग कलेक्शन
ट्रेड पंडितों की मानें तो लाल सिंह चड्ढा 17- 20 करोड़ तक की ओपनिंग कलेक्शन दे सकता है। जबकि यदि वर्ड ऑफ माउथ पॉजिटिव रही तो.. वीकेंड तक फिल्म 90-110 करोड़ तक का आंकड़ा पार कर सकती है।

अक्षय कुमार vs आमिर खान
खास बात है कि आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा और अक्षय कुमार स्टारर रक्षाबंधन.. दोनों ही फिल्में 11 अगस्त को रिलीज हो रही हैं। दोनों ही फिल्मों को लेकर काफी चर्चा है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार और आमिर खान में से कौन बाजी मारते हैं। जाहिर है इस क्लैश से दोनों फिल्मों की कमाई प्रभावित होगी।

नागा चैतन्य का बॉलीवुड डेब्यू
इस फिल्म के साथ साउथ के सुपरस्टार नागा चैतन्य धमाकेदार बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। 'लाल सिंह चड्ढा' में नागा आमिर खान के दोस्त का किरदार निभा रहे हैं। नागा चैतन्य से पहले ये किरदार तमिल स्टार विजय सेतुपति को ऑफर किया गया था। लेकिन किन्हीं कारणों से वो इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाए।


Click it and Unblock the Notifications