Vikram Vedha Weekend Box Office Collection: जानें ऋतिक रोशन और सैफ अली खान के फिल्म की 3 दिनों की कमाई

ऋतिक रोशन [Hrithik Roshan] और सैफ अली खान [Saif Ali Khan] स्टारर फिल्म विक्रम वेधा ने बॉक्स ऑफिस पर रविवार को थोड़ी बढ़त दिखाई है। शुक्रवार को 10.58 करोड़ की ओपनिंग देने के बाद, फिल्म ने शनिवार को 12.51 करोड़ और रविवार को 15 करोड़ के लगभग की कमाई की है। जिसके बाद ओपनिंग वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन 38 करोड़ तक पहुंच चुका है।
विक्रम वेधा को समीक्षकों से भले पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिली हो, लेकिन देखा जा सकता है कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पा रही है। सोमवार को फिल्म कैसा प्रदर्शन करती है, इससे फिल्म के लाइफटाइम कलेक्शन का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बता दें, फिल्म का बजट 100 करोड़ से भी ऊपर का बताया जा रहा है, ऐसे में विक्रम वेधा का हिट की श्रेणी में आना मुश्किल दिखाई देता है। बहरहाल, इस साल सबसे बड़ी वीकेंड कलेक्शन देने वाली बॉलीवुड फिल्मों में विक्रम वेधा पांचवे नंबर पर है।
इस साल सबसे बड़ा वीकेंड दिया है अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र ने। फिल्म ने पहले वीकेंड में 111 करोड़ की कमाई की थी। फिर भूल भुलैया 2 ने 55.96 करोड़, सम्राट पृथ्वीराज ने 39.40 करोड़, गंगूबाई काठियावाड़ी ने 39.12 करोड़.. और विक्रम वेधा ने 38 करोड़।
फिल्म की धीमी कमाई के पीछे एक बड़ा कारण इसका रीमेक होना भी माना जा सकता है। यह इसी नाम से बनी तमिल की सुपरहिट फिल्म की हिंदी रीमेक है। ओरिजनल फिल्म ने बहुत तारीफें और अवार्ड हासिल किये थे। वहीं, लॉकडाउन के दिनों में फिल्म ओटीटी पर भी उपलब्ध थी, लिहाजा काफी दर्शक जो इसे देख चुके थे, उन्होंने रीमेक के लिए थियेटर जाना व्यर्थ समझा।
विक्रम वेधा से ट्रेड पंडितों को काफी उम्मीदें थीं। माना जा रहा था कि ब्रह्मास्त्र के बाद, ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर धमाका करेगी। लेकिन अफसोस फिलहाल ऐसा होता नहीं दिख रहा है।


Click it and Unblock the Notifications












