Tiger 3 Box Office Day 2: सलमान- कैटरीना की फिल्म ने दूसरे दिन तोड़े सारे रिकॉर्ड, दो दिनों में 100 करोड़ पार

Tiger 3 Box Office Collection Day 2: सलमान खान और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म टाइगर 3 को भले समीक्षकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर रही है। फिल्म दर्शकों को थियेटर तक आकर्षित कर रही है। खासकर सिंगल स्क्रीन थियेटर्स में फिल्म ने धूम मचा रखी है। जिसका नतीजा आंकड़ों में देखने को मिल रहा है।
रविवार को 44.50 करोड़ की ओपनिंग देने के बाद, फिल्म ने दूसरे दिन की कमाई में जबरदस्त उछाल दिखाया है। दिलचस्प बात है कि दूसरे दिन के लिए एडवांस बुकिंग खास नहीं थी और कलेक्शन में 20% तक की गिरावट का संकेत था। फिल्म पूरी तरह से ऑन-स्पॉट बुकिंग पर निर्भर थी। और यहां सलमान फैंस ने निराश नहीं किया।
दो दिनों में 100 करोड़ पार पहुंची टाइगर 3
रिपोर्ट्स की मानें तो, टाइगर 3 ने दूसरे दिन 60-62 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। जी हां, यह पहले दिन के मुकाबले लगभग 38-39% की उछाल है। कोई शक नहीं कि सलमान खान की टाइगर 3 वास्तव में दिवाली धमाका साबित हुई है। दो दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 104-105 करोड़ तक पहुंच चुका है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन
वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 200 करोड़ तक पहुंच चुकी है। पहले दिन फिल्म ने दुनियाभर में सभी भाषाओं को मिलाकर 94 करोड़ का कलेक्शन किया था। 41.66 करोड़ के साथ यह सबसे बड़ी ओवरसीज ओपनर साबित हुई। वहीं, दूसरे दिन फिल्म का जलवा कायम रहा।
मनीष शर्मा के निर्देशन में बनी इस एक्शन फिल्म में सलमान खान, कैटरीना कैफ और इमरान हाशमी मुख्य भूमिकाओं में हैं। जबकि रेवती, शाहरुख खान, विशाल जेठवा, रिद्धि डोगरा कैमियो निभाते दिखे।


Click it and Unblock the Notifications











