83 फिल्म क्रिसमस बॉक्स ऑफिस: दूसरे दिन भी नहीं लगा छक्का फिर भी टॉप 6 क्रिसमस कमाई में शामिल, पूरी रिपोर्ट
कबीर खान की फिल्म 83 ने बॉक्स ऑफिस पर दूसरे दिन भी तेज़ी नहीं पकड़ी है। फिल्म ने 25 दिसंबर, शनिवार को दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर केवल 16.5 करोड़ की कमाई की है। रणवीर सिंह की इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की तालियां और वाहवाही भले ही मिल रही हैं लेकिन फिल्म लाख कोशिशों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर ज़्यादा कमाल नहीं दिखा पा रही है।
जहां शुक्रवार को फिल्म ने 12.6 करोड़ की ओपनिंग दी थी वहीं माना जा रहा था कि क्रिसमस पर फिल्म धमाकेदार कलेक्शन करेगी। लेकिन क्रिसमस पर भी फिल्म ने बहुत ज़्यादा तेज़ी नहीं पकड़ी।

हालांकि, क्रिसमस पर फिल्म ने सुबह से 33 प्रतिशत की अच्छी ऑक्यूपेंसी दर्ज की थी। दोपहर को ये आंकड़ा 50 प्रतिशत पहुंचा। लेकिन सारा गणित शाम और रात के शो में बिगड़ गया। शाम और रात के शो में फिल्म ने केवल 60 - 65 प्रतिशत की ही ऑक्यूपेंसी दर्ज की। इसका कारण कई शहरों में लगे नाईट कर्फ्यू को भी माना जा रहा है।
क्रिसमस के दिन 83 ने थिएटर में 55 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज करने के बाद 16.5 करोड़ की कमाई की। इस कमाई के साथ भी 83 क्रिसमस के दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 हिंदी फिल्मों में शामिल हो चुकी है। यहां देखिए पिछले दशक, दिसंबर के आखिरी दो हफ्तों में रिलीज़ हुई फिल्मों की क्रिसमस के दिन की कमाई।

2019 - दबंग 3
क्रिसमस वीक पर रिलीज़ होने वाली आखिरी हिंदी फिल्म थी 2019 में आई दबंग 3। सलमान खान, सई मांजरेकर और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर ये फिल्म 20 दिसंबर 2019 को रिलीज़ हुई थी और क्रिसमस पर 25 दिसंबर को, रिलीज़ के छठवें दिन, दबंग 3 ने बॉक्स ऑफिस पर 15.7 करोड़ की कमाई की थी।

2018 - ज़ीरो
शाहरूख खान की आनंद एल राय फिल्म ज़ीरो, 2018 में क्रिसमस वीक पर रिलीज़ हुई थी। कैटरीना कैफ - अनुष्का शर्मा के साथ शाहरूख खान परदे पर 20 दिसंबर 2018 को रिलीज़ हुई इस फिल्म के साथ दिखाई दिए थे। फिल्म ने रिलीज़ के पांचवे दिन, 25 दिसंबर को 12.75 करोड़ की कमाई की थी।

2017 - टाईगर ज़िंदा है
सलमान खान और कैटरीना कैफ की ये फिल्म 22 दिसंबर 2017 को रिलीज़ हुई थी और इसने चौथे दिन यानि कि 25 दिसंबर को बॉक्स ऑफिस पर 36 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म को डायरेक्ट किया था अली अब्बास ज़फर ने।

2016 - दंगल
आमिर खान की फिल्म रिलीज़ हुई 23 दिसंबर 2016 को। रविवार यानि कि क्रिसमस के दिन फिल्म ने 42 करोड़ की कमाई की जो कि बॉलीवुड और आमिर खान, दोनों का ही सबसे बड़ा सिंगल डे कलेक्शन था, ठग्स ऑफ हिंदुस्तान के पहले तक।

2015 - बाजीराव मस्तानी
संजय लीला भंसाली की ये फिल्म 18 दिसंबर 2015 को रिलीज़ हुई थी। क्रिसमस के दिन, फिल्म का दूसरा शुक्रवार था और इसने 12 करोड़ की कमाई की थी।

2015 - दिलवाले
संजय लीला भंसाली से बॉक्स ऑफिस पर भिड़े थे शाहरूख खान। रोहित शेट्टी की फिल्म दिलवाले ने बॉक्स ऑफिस पर 8 करोड़ की कमाई की थी। कुल मिलाकर, 2015 के क्रिसमस पर बॉक्स ऑफिस ने कुल 20 करोड़ की कमाई की थी।

2014 - पीके
आमिर खान की पीके 19 दिसंबर 2014 को रिलीज़ हुई थी। क्रिसमस के दिन, यानि कि रिलीज़ के सातवें दिन, फिल्म ने 27 करोड़ की कमाई की थी।

2013 - धूम 3
आमिर खान की धूम 3, 20 दिसंबर, 2013 को रिलीज़ हुई थी। क्रिसमस पर यानि कि रिलीज़ के पांचवे दिन, फिल्म ने 25 करोड़ की धमाकेदार कमाई की थी।

2012 - दबंग 2
सलमान खान की दबंग 2, शाहरूख खान की ज़ीरो की तरह ही 21 दिसंबर को रिलीज़ हुई थी। फिल्म ने क्रिसमस के दिन, 15 करोड़ की कमाई की थी।

2011 - डॉन 2
शाहरूख खान की डॉन 2, 2011 में 23 दिसंबर को रिलीज़ हुई थी। क्रिसमस के दिन, रविवार को फिल्म ने 17 करोड़ की कमाई की थी।

2010 - तीस मार खान
अक्षय कुमार की तीस मार खान, 24 दिसंबर 2010 को रिलीज़ हुई थी। फराह खान की इस फिल्म ने रिलीज़ के दूसरे दिन, क्रिसमस पर लगभग 14 करोड़ की कमाई की थी।

2009 - 3 इडियट्स
आमिर खान की 3 इडियट्स 25 दिसंबर के दिन ही रिलीज़ हुई थी। फिल्म ने 12.5 करोड़ की ओपनिंग की थी। फिल्म के कुछ Paid Preview भी चले थे जिनसे फिल्म ने 2.5 करोड़ की कमाई की थी।

2008 - गजिनी
आमिर खान की गजिनी , 25 दिसंबर 2008 में रिलीज़ हुई और ए आर मुरूगोदास की इस फिल्म ने 9 करोड़ की ओपनिंग की थी। ये बॉलीवुड की पहली 100 करोड़ी फिल्म थी।


Click it and Unblock the Notifications











