द लायन किंग हिंदी बॉक्स ऑफिस - 32 प्रतिशत के साथ आर्यन खान की धमाकेदार ओपनिंग
शाहरूख खान और आर्यन खान की जोड़ी की बदौलत द लायन किंग हिंदी में भी सफलता के झंडे गाड़ना शुरू कर चुकी है। 19 जुलाई, शुक्रवार को रिलीज़ होने के बाद फिल्म ने शानदार शुरूआत की है। एक तरफ जहां लोग शाहरूख और आर्यन की आवाज़ सुनने को बेताब है वहीं दूसरी तरफ वैसे भी द लायन किंग फिल्म की कहानी लोगों को उनके बचपन की याद दिला रही है जब उन्होंने पहली बार फिल्म देखी थी।
कुछ ऐसा ही हाल द जंगल बुक के साथ हुआ था और उस फिल्म की हिंदी डबिंग ने भी सफलता के झंडे गाड़े थे। द लायन किंग के साथ भी इतिहास अपने आप को दोहरा सकता है। फिल्म ने लगभग 32.5 प्रतिशत की शुरूआत कर इस साल की सबसे अच्छी शुरूआत करने वाली फिल्मों की लिस्ट में सातवां नंबर हासिल कर लिया है। देखिए 2019 की टॉप 10 लिस्ट
गौरतलब है कि द लायन किंग में शाहरूख खान ने मुफासा के किरदार को अपनी आवाज़ दी है तो उनके बेटे आर्यन खान ने मुफासा के बेटे सिंबा के किरदार को अपनी आवाज़ दी है। फिल्म में विलेन स्कार के लिए हिंदी डबिंग की है आशीष विद्यार्थी ने। वहीं फिल्म में श्रेयस तलपड़े और संजय मिश्रा के बीच की ट्यूनिंग की भी काफी तारीफ हो रही है।

वैसे 30 - 35 प्रतिशत की ओपनिंग काफी अच्छी शुरूआत मानी जाएगी। ये आंकड़े, वीकेंड पर और बढ़ेंगे। वहीं फिल्म के साथ दो और फिल्में रिलीज़ हुईं - झूठा कहीं का और फैमिली ऑफ ठाकुरगंज लेकिन फिलहाल द लायन किंग को टक्कर देने वाला कोई नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications











