द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस: दूसरे हफ्ते की कमाई 100 करोड़: दंगल के बाद हिंदी सिनेमा इतिहास की दूसरी फिल्म
विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस पर दूसरे हफ्ते तबाही मचा दी है। फिल्म ने दूसरे हफ्ते कुल 108 करोड़ की कमाई की है और ऐसा करने वाली ये हिंदी सिनेमा इतिहास की दूसरी फिल्म है। इससे पहले बॉक्स ऑफिस पर केवल दंगल ने दूसरे हफ्ते भी 100 करोड़ की कमाई की थी।
लेकिन द कश्मीर फाइल्स इस ट्रेंड में दंगल से बेहतर इसलिए है क्योंकि दंगल ने पहले हफ्ते में लगभग 200 करोड़ की कमाई की थी और दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई आधी हो गई थी। वहीं द कश्मीर फाइल्स ने पहले हफ्ते केवल 97 करोड़ की कमाई की थी।

ऐसे में द कश्मीर फाइल्स पहले हफ्ते के मुकाबले दूसरे हफ्ते में ज़्यादा मज़बूत हो चुकी है। दूसरे हफ्ते में 108 करोड़ की कमाई के साथ द कश्मीर फाइल्स ने पहले हफ्ते से कुल 11 प्रतिशत की बढ़त ले ली है। यहां देखिए फिल्म से जुड़े दिलचस्प आंकड़े।

गुरूवार 14वें दिन की कमाई
गुरूवार, 24 मार्च रिलीज़ के 14वें दिन द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस पर 7.2 करोड़ की कमाई की। इस हफ्ते जहां फिल्म की कमाई लगातार गिरी वहीं फिल्म ने फिर भी अपनी कमाई पर ज़्यादा असर नहीं पड़ने दिया। गुरूवार को भी बुधवार की तुलना में केवल 19 प्रतिशत गिरावट दिखी। बुधवार को जहां फिल्म ने 8.9 करोड़ की कमाई की वहीं गुरूवार को ये आंकड़ा 7.2 पर पहुंचा।

ओपनिंग से लगातार बढ़ी
दिलचस्प ये है कि 11 मार्च को अपनी ओपनिंग 3.5 करोड़ के साथ करने वाली द कश्मीर फाइल्स ने हर दिन ओपनिंग से ज़्यादा कमाई की है। ये ट्रेंड बेहद कम फिल्मों में देखने को मिलता है। लेकिन द कश्मीर फाइल्स ने इस मामले में अनोखा रिकॉर्ड कायम किया है। 14 दिनों में अब तक फिल्म की रोज़ की कमाई ओपनिंग से ज़्यादा ही रही है।

पहला वीकेंड
द कश्मीर फाइल्स ने जहां 3.5 करोड़ की ओपनिंग की थी। वहीं फिल्म ने पहले शनिवार को 8.5 करोड़ और पहले रविवार को 15.1 करोड़ की कमाई करते हुए 27 करोड़ का वीकेंड दिया है। वहीं वीकेंड से ही फिल्म ने मुनाफा कमाना शुरू कर दिया था क्योंकि फिल्म का बजट केवल 20 करोड़ रूपये है।

बनाया है कमाई का ट्रेंड
आमतौर पर बॉक्स ऑफिस पर सभी फिल्में अपने कुल लाइफटाइम कलेक्शन का लगभग आधा हिस्सा पहले हफ्ते में कमा लेती हैं। इनमें वॉर, दंगल, सुलतान, बजरंगी भाईजान जैसी सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्में शामिल हैं। लेकिन द कश्मीर फाइल्स इस ट्रेंड को तोड़ते हुए वर्ड ऑफ माउथ पर कमाई करने वाली फिल्म है। यही कारण है कि अब तक फिल्म पहले हफ्ते से ज़्यादा दूसरे हफ्ते में कमाई कर चुकी है।

पीछे छोड़ी है कई फिल्में
बॉक्स ऑफिस पर द कश्मीर फाइल्स ने रिलीज़ के साथ पहले हफ्ते जहां राधे श्याम को टक्कर दी वहीं दूसरे हफ्ते अक्षय कुमार की बच्चन पांडे को। ये दोनों ही फिल्में द कश्मीर फाइल्स के आगे धूल चाटती नज़र आईं। 208 करोड़ की कुल कमाई के साथ द कश्मीर फाइल्स कई फिल्मों को पीछे कर चुकी है जिसमें अक्षय कुमार के करियर की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्म हाउसफुल 4 भी शामिल है।

इस दशक की सबसे कामयाब फिल्म
द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर 940 प्रतिशत मुनाफा कमा चुकी है और इसके साथ ही ये इस दशक की सबसे कामयाब फिल्म बन चुकी है। अब तक ये रिकॉर्ड विकी कौशल की उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के पास था जिसने बॉक्स ऑफिस पर 846 प्रतिशत का मुनाफा कमाया था। लेकिन द कश्मीर फाइल्स ने दो हफ्तों की कमाई के साथ ही इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

कितना होगा लाइफटाइम
अब देखना है कि द कश्मीर फाइल्स का लाइफटाइम कलेक्शन कितना हो पाता है। फिलहाल के आंकड़ों को देखा जाए तो वीकेंड पर ही फिल्म 250 करोड़ क्लब में एंट्री ले सकती है क्योंकि ट्रेंड के मुताबिक वीकेंड पर फिल्म एक बार फिर तेज़ी से कमाई करेगी। लेकिन अगर RRR का असर द कश्मीर फाइल्स पर दिखा तो फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 250 करोड़ ही छू पाएगा।


Click it and Unblock the Notifications