द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस: दूसरे वीकेंड मची तबाही, 80% ऑक्यूपेंसी के साथ 685% बढ़त
अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी स्टारर विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा रही है। दूसरे रविवार फिल्म ने सारे कयासों को पीछे छोड़ते हुए 27.5 करोड़ की कमाई की है।
दूसरे रविवार यानि कि 20 मार्च को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई का दिन बनाया और लगभग 28 करोड़ का आंकड़ा छुआ।

इसी के साथ फिल्म ने दूसरे वीकेंड पर पहले वीकेंड से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फिल्म का कुल आंकड़ा 168 करोड़ पर पहुंचा दिया है। द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर हर दिन एक नया रिकॉर्ड बना रही है और पुराना रिकॉर्ड तोड़ रही है। और ऐसा भारतीय सिनेमा के इतिहास में काफी समय बाद हो रहा है।

दर्ज की 80 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी
गौरतलब है कि दूसरे रविवार, 20 मार्च को द कश्मीर फाइल्स ने थिएटर में 80 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज करते हुए हर किसी को चौंका दिया। फिल्म ज़्यादातर थिएटर में हाउसफुल जा रही है। रविवार को फिल्म ने सुबह के शो में 70 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। दोपहर तक ये आंकड़ा सीधा 85 प्रतिशत गया और शाम होते होते इसमें 88 प्रतिशत तक इज़ाफा हुआ। रात के शो में गिरावट के बावजूद 66 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।

कई शहरों में 90 प्रतिशत से ऊपर ऑक्यूपेंसी
रविवार को मुंबई, पुणे, दिल्ली, अहमदाबाद, लखनऊ जैसे शहरों में लगभग 80 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही। वहीं भोपाल और सूरत में ये आंकड़ा 90 प्रतिशत और इससे ऊपर भी पहुंच गया। जिन शहरों में कम ऑक्यूपेंसी रही वहां भी फिल्म 65 - 75 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज कर गई। इनमें चंडीगढ़, जयपुर, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरू जैसे शहर शामिल थे। रविवार को सबसे कम ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई हैदराबाद में जहां द कश्मीर फाइल्स ने 42 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

ओपनिंग से 685% बढ़त
द कश्मीर फाइल्स ने 11 मार्च को बॉक्स ऑफिस ओपनिंग की थी और प्रभास - पूजा हेगड़े की फिल्म राधे श्याम से टक्कर ली थी। हिंदी बॉक्स ऑफिस पर राधे श्याम को पछाड़ते हुए द कश्मीर फाइल्स ने 3.5 करोड़ की ओपनिंग की थी। रिलीज़ के 10 दिन बाद फिल्म की कमाई में 685% उछाल आ चुका है और 10वें दिन फिल्म ने 27.5 करोड़ की कमाई की है जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

पहला वीकेंड Vs दूसरा वीकेंड
जहां द कश्मीर फाइल्स ने 3.5 करोड़ की ओपनिंग की थी वहीं फिल्म ने दूसरे दिन 8.5 करोड़ और रिलीज़ के तीसरे दिन रविवार को 15.1 करोड़ की कमाई करते हुए कुल 27.1 करोड़ का पहला वीकेंड दिया था। वहीं दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 19.1 करोड़ की कमाई की, दूसरे शनिवार को 24.8 करोड़ और दूसरे रविवार को 27.5 करोड़ की कमाई करते हुए 71.4 करोड़ की कमाई की और बॉक्स ऑफिस पर पिछले वीकेंड से 163% बढ़त दिखाई है।

कैसा रहा पहला हफ्ता
27 करोड़ के पहले वीकेंड के बाद फिल्म ने चौथे दिन, सोमवार को 15.3 करोड़ की कमाई के साथ सबको चौंका दिया था क्योंकि ये पहले रविवार से भी ज़्यादा की कमाई थी। इसके बाद पूरे हफ्ते फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बढ़त दिखाती गई। मंगलवार को 18 करोड़, बुधवार को 19 करोड़ और गुरूवार को 18 करोड़ की कमाई। पहले हफ्ते फिल्म ने कुल 97 करोड़ की कमाई की थी।

100 करोड़ क्लब में शामिल
सातवें दिन फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई थी। फिल्म का बजट केवल 20 करोड़ रूपये है। और यही कारण है कि अब फिल्म ब्लॉकबस्टर बनने की राह की तरफ बढ़ चुकी है। चूंकि द कश्मीर फाइल्स लगातार ट्रेंड हो रही है और फिल्म के टिकट अभी भी कम पड़ रहे हैं, ये कहना जल्दबाज़ी नहीं है कि फिल्म अगले दो से तीन दिन में 200 करोड़ क्लब में एंट्री ले लेगी।

कितना होगा लाइफटाइम
जिस हिसाब से द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा रही है उस हिसाब से फिल्म के लाइफटाइम कलेक्शन का अंदाज़ा लगाना बेहद मुश्किल होगा। लेकिन फिर भी ताज़ा ट्रेंड को देखते हुए ये कहना बिल्कुल सुरक्षित है कि द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है।


Click it and Unblock the Notifications