सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: अक्षय कुमार ने दूसरे शनिवार फिर से मारी लंबी छलांग, जानिए 9 दिन की कमाई
रोहित शेट्टी की सूर्यवंशी ने दूसरे शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर फिर से उछाल मारते हुए 10.35 करोड़ की कमाई की है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर एक हफ्ते में 120 करोड़ की कमाई की। इसके बाद दूसरे शुक्रवार को फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गिर पड़ी और केवल 6.8 करोड़ की कमाई की थी।
लेकिन शनिवार को फिल्म ने वापस उछाल मारते हुए कुल 25. 8 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। 9वें दिन सुबह से ही सूर्यवंशी की शुरुआत अच्छी रही। सुबह के शो में फिल्म ने 15 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की जो शाम तक 29 प्रतिशत और रात के शो में 39 प्रतिशत तक बढ़ी।

सूर्यवंशी ने पहले शुक्रवार को 26 करोड़ की ओपनिंग की और शनिवार - रविवार को 23 करोड़ और 26 करोड़ की कमाई करते हुए कुल 77 करोड़ का वीकेंड दिया। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 6.8 करोड़ की कमाई करते हुए फिल्म की कुल कमाई को 127 करोड़ तक पहुंचाया।
अब दूसरे शनिवार के 10.35 करोड़ कलेक्शन के बाद 9 दिन में सूर्यवंशी की कमाई 137.85 करोड़ तक पहुंच गई है। जानिए फिल्म की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट

मुंबई - पुणे में फिर लौटी रौनक
मुंबई में 9वें दिन दूसरे शनिवार को फिल्म ने एक बार फिर से बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ा बनाते हुए 1.5 करोड़ की कमाई की। फिल्म ने 37 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की और रात के शो में ये आंकड़ा 58 प्रतिशत के आस पास रहा। वहीं पुणे में फिल्म ने 40 फीसदी की ऑक्यूपेंसी दर्ज करते हुए 356 शो पर 56 लाख की कमाई की।

कई शहरों में अच्छा प्रदर्शन
फिल्म ने दूसरे शनिवार को कई शहरों में अच्छा प्रदर्शन किया। चेन्नई में 35 फीसदी ऑक्यूपेंसी के साथ फिल्म ने शानदार कमाई की वहीं चंडीगढ़ और भोपाल ने भी 30 फीसदी से ऊपर की ऑक्यूपेंसी दर्ज की। एक हफ्ते के शानदार प्रदर्शन के बाद गुजरात के शहरों में फिल्म ढीली पड़ी और सूरत - अहमदाबाद में फिल्म एवरेज स्तर पर आ चुकी है जहां दूसरे शनिवार सूर्यवंशी ने 20 - 25 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

दिल्ली में लगातार खराब प्रदर्शन
दिल्ली में सूर्यवंशी ने केवल 17 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। हालांकि, दिल्ली की कमाई रही लगभग 1 करोड़। वहीं बेंगलुरू - कोलकाता और लखनऊ जैसे शहरों में भी फिल्म ने 10 - 15 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

बन चुके हैं रिकॉर्ड्स
गौरतलब है कि सूर्यवंशी ने एक हफ्ते में ही कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जहां एक तरफ फिल्म रोहित शेट्टी की कुल कमाई को 1500 करोड़ के पार करवा चुकी है वहीं अक्षय कुमार सूर्यवंशी के साथ करियर में 4500 करोड़ और कैटरीना कैफ 2700 करोड़ की कमाई कर चुके हैं।

5 दिन में 100 करोड़
सूर्यवंशी ने 5 दिन में 100 करोड़ की कमाई की। सिंबा और गोलमाल अगेन के बाद ऐसा करने वाली सूर्यवंशी रोहित शेट्टी की तीसरी फिल्म है। हालांकि इसके अलावा रोहित शेट्टी की चेन्नई एक्सप्रेस ने 3 दिन में और सिंघम रिटर्न्स ने 4 दिन में 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली थी।

200 करोड़ का टार्गेट
180 करोड़ के बजट पर बनी सूर्यवंशी को सुपरहिट होने के लिए कम से कम 200 करोड़ कमाई की ज़रूरत है और माना जा रहा है कि धीरे धीरे ही सही लेकिन फिल्म अपने टार्गेट को हासिल कर लेगी। फिल्म भारत में लगभग 3500 स्क्रीन पर रिलीज़ हुई है। वहीं विदेशों में 1300 स्क्रीन पर रिलीज़ के साथ फिल्म ने 41 करोड़ की कमाई कर ली है।

दशक की दूूसरी सुपरहिट फिल्म
गौरतलब है कि इस दशक की शुरूआत हुई थी अजय देवगन की तान्हाजी के साथ जो बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई। अब सूर्यवंशी, इस दशक की दूसरी सुपरहिट फिल्म है। इसके बाद रोहित शेट्टी सिंघम 3 की ओर बढ़ते हुए अपनी कॉप यूनिवर्स बढ़ाएंगे।


Click it and Unblock the Notifications











