सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: रोहित शेट्टी - अक्षय कुमार का 7वें दिन भी कमाल, जानिए पहले हफ्ते की शानदार कमाई
सूर्यवंशी के पहले हफ्ते का कलेक्शन ये साफ करता है कि रोहित शेट्टी बॉक्स ऑफिस के किंग हैं और उन्हें कोरोना भी नहीं रोक सकता है। 7वें दिन, रिलीज़ के बाद पहले गुरूवार, 11 नवंबर को फिल्म ने 7.8 करोड़ की कमाई की है और एक हफ्ते में फिल्म ने कुल 120 करोड़ की कमाई कर ली है। अक्षय कुमार - अजय देवगन - रणवीर सिंह की तिकड़ी और कैटरीना कैफ का जादू फिलहाल सिनेमाघरों में सर चढ़कर बोल रहा है।
सूर्यवंशी ने गुरूवार को बॉक्स ऑफिस पर 16 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। 180 करोड़ के बजट पर बनी ये फिल्म कुल भारत में कुल 3500 स्क्रीन पर रिलीज़ हुई है। इनमें सबसे ज़्यादा स्क्रीन मुंबई और दिल्ली - NCR के पास हैं।

मुंबई में जहां फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है वहीं दिल्ली NCR में आंकड़े ओपनिंग के दिन से ही निराशाजनक रहे हैं। गुरूवार को भी सूर्यवंशी ने 11 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ सुबह के शो की शुरूआत की। दोपहर तक ये आंकड़ा बिल्कुल नहीं बढ़ा और शाम तक 16 प्रतिशत पर आया। हालांकि नाईट शो में सूर्यवंशी ने गुरूवार, 11 नवंबर को 25 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की।
सात दिनों में सूर्यवंशी ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाकर रखी है। देखिए सूर्यवंशी की अब तक की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट

धमाकेदार हुई शुरूआत
सूर्यवंशी ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 52 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरूआत की थी। फिल्म ने शुक्रवार, 5 नवंबर को 26 करोड़ की ओपनिंग दी थी। इतने समय बाद सिनेमाघर खुलने का उत्साह दर्शकों पर इतना दिखाई दिया कि फिल्म ने रात के शो में 95 प्रतिशत तक की ऑक्यूपेंसी हासिल कर ली थी। ज़्यादातर शहरों में सूर्यवंशी के रात के शो की ऑक्यूपेंसी 80 प्रतिशत से ऊपर ही रही।

दूसरे दिन की कमाई
दूसरे दिन, शनिवार और भाई दूज होने के कारण सूर्यवंशी की ऑक्यूपेंसी में थोड़ी गिरावट दिखाई दी थी। दूसरे दिन, सूर्यवंशी की कमाई में लगभग 9 फीसदी गिरावट दिखी और फिल्म ने 22 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। कुछ लोगों ने इसे फिल्म के खराब रिव्यू और निगेटिव वर्ड ऑफ माउथ का भी असर बताया।

तीसरे दिन फिर लगाई छलांग
तीसरे दिन, सूर्यवंशी ने फिर से छलांग लगाते हुए बॉक्स ऑफिस पर 12 फीसदी की बढ़त दिखाते हुए वापस 26.9 करोड़ की कमाई की। रविवार को फिल्म ने ओपनिंग ही बंपर की और सुबह के शो में ही फिल्म को 40 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली। इसी के साथ वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने वीकेंड पर ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।

सोमवार का टेस्ट
चौथे दिन सोमवार को फिल्म के लिए एक टेस्ट की तरह था। Weekday होने के कारण, सूर्यवंशी की थिएटर पर पकड़ छूटी और चौथे दिन फिल्म की कमाई लगभग आधी हो गई। लेकिन लड़खड़ाते हुए ही सही, रोहित शेट्टी - अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 14 करोड़ की कमाई कर ही ली।

पांचवे दिन भी डटे रहे
पांचवे दिन, मंगलवार को भी सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस पर टिकी रही। फिल्म ने मंगलवार को भले ही 22 फीसदी की गिरावट दिखाई लेकिन फिर भी फिल्म ने मंगलवार को 11 करोड़ की कमाई की। इतना ही नहीं, मंगलवार को 102 करोड़ के साथ सूर्यवंशी ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली।

दिवाली का इतिहास दोहराया
छठवें दिन, बुधवार को भी रोहित शेट्टी की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डटी रही। फिल्म ने बुधवार को 9.5 करोड़ की कमाई की। इतना ही नहीं, इस फिल्म के साथ रोहित शेट्टी ने अपनी पिछली दिवाली रिलीज़ गोलमाल अगेन जैसा ही बर्ताव किया। बॉक्स ऑफिस पर दोनों ही फिल्मों का उतार चढ़ाव लगभग एक जैसा रहा जिसके बाद माना जा रहा था कि गोलमाल अगेन की तरह, सूर्यवंशी भी 117 करोड़ का पहला हफ्ता दे सकती है।

200 करोड़ का टार्गेट
सूर्यवंशी 180 करोड़ के बजट पर बनी फिल्म है और इसे ब्लॉकबस्टर होने के लिए कम से कम 200 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन चाहिए। हालांकि, कोरोना के बाद जिस तरह फिल्म डटकर अच्छा प्रदर्शन कर रही है, ये आंकड़ा ज़्यादा दूर नहीं दिख रहा है। 7 दिनों में फिल्म ने 120 करोड़ की कमाई कर ली है और माना जा रहा है कि दूसरे वीकेंड भी फिल्म धमाका ही करेगी।


Click it and Unblock the Notifications