1 Year of Sooryavanshi: अक्षय कुमार की आखिरी हिट फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर बनाया था जबरदस्त रिकॉर्ड

अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर 2021 की दिवाली पर रिलीज हुई फिल्म 'सूर्यवंशी' को रिलीज हुए एक साल पूरे हो चुके हैं। ये फिल्म कई मायनों में खास रही थी। लॉकडाउन के बाद रिलीज हुई इस फिल्म के साथ बॉलीवुड के राहत की सांस ली थी। फिल्म ने वर्ल्डवाइज 300 करोड़ (gross) के लगभग का कलेक्शन किया था। वहीं, भारत में इसने 195.04 करोड़ की कमाई की थी और हिट रही थी।
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस कॉप ड्रामा ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। अक्षय कुमार, अजय देवगन और रणवीर सिंह का साथ आना दर्शकों को खूब पसंद आया था और कई दिनों तक फिल्म हाउसफुल चली थी। लेकिन अफसोस इस सफलता के साथ बॉलीवुड ज्यादा समय तक आगे नहीं बढ़ पाया।
फिलहाल सूर्यवंशी अक्षय कुमार की आखिरी हिट फिल्म बनी हुई है। सूर्यवंशी की सफलता के बाद, अक्षय कुमार के हाथों फिलहाल बैक टू बैक 4 फ्लॉप फिल्में लग चुकी हैं। साल 2022 में अक्षय की बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज, रक्षाबंधन और राम सेतु.. सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रही हैं।

बनाया था जबरदस्त रिकॉर्ड
सूर्यवंशी के साथ अक्षय ने जबरदस्त रिकॉर्ड भी कायम किया था। सूर्यवंशी के साथ अक्षय ने अपने करियर की पहली साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म दी थी। जी हां, इससे पहले भले ही अक्षय कुमार ने हिट और सुपरहिट फिल्में दी हैं, लेकिन 'हाईएस्ट ग्रासिंग फिल्म ऑफ दि ईयर' देने का मौका नहीं मिला था।

टॉप ओपनर
इतना ही नहीं, बल्कि लगातार 10 महीने तक 'सूर्यवंशी' ही बॉलीवुड की टॉप ओपनर बनी हुई रही। सितंबर में रिलीज हुई ब्रह्मास्त्र ने इस रिकॉर्ड को तोड़ा था। हालांकि जब सूर्यवंशी रिलीज हुई थी, उस समय देश में सिनेमाघर सिर्फ 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ खुले हुए थे।

सूर्यवंशी की कमाई
सूर्यवंशी दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी। फिल्म ने पहले दिन 26.29 करोड़, दूसरे दिन 23.85 करोड़ और तीसरे दिन 26.94 करोड़ का कलेक्शन किया था। 196 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन के साथ फिल्म सुपरहिट रही थी।

ओटीटी पर फिल्म
सिनेमाघरों में रिलीज होने के एक महीने के बाद फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो चुकी थी। ओटीटी पर भी फिल्म ने व्यूअरशिप के मामले में शानदार नंबर्स हासिल किये थे।
फिलहाल अब फैंस को अक्षय कुमार की आगामी फिल्मों का इंतजार है, जिसके साथ सुपरस्टार एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर सकें। अक्षय की आने वाली फिल्मों में शामिल है- OMG 2, बड़े मियां छोटे मियां, सेल्फी, सोररई पोट्रू रीमेक..


Click it and Unblock the Notifications











