सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस- अक्षय कुमार की फिल्म ने शाहरुख की 'जब तक है जान' को किया पीछे, टॉप 40 फिल्मों में शामिल
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सूर्यवंशी मे सिनेमाघरों में 15 गुजार लिये हैं। जहां फिल्म ने भारत में 168 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं ओवरसीज में भी फिल्म 55 करोड़ पार कर चुकी है। अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर सूर्यवंशी ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ (gross) का आंकड़ा पार कर लिया है और बॉलीवुड की टॉप 40 फिल्मों में शामिल हो चुकी है।
बता दें, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में सूर्यवंशी ने शाहरुख खान स्टारर जब तक है जान (241 करोड़), ऐ दिल है मुश्किल (242.50 करोड़) और बागी 2 (243.37 करोड़) को पीछे कर दिया है।

दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाने वाली बॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट में सूर्यवंशी फिलहाल 40वें नंबर पर है। इस लिस्ट में पहले से अक्षय कुमार की पांच फिल्में शामिल हैं- 2.0 (275 करोड़), मिशन मंगल (287.18 करोड़), हाउसफुल 4 (291.08 करोड़), गुड न्यूज (311.27 करोड़) और टॉयलेट एक प्रेम कथा (316.61 करोड़)..

भारत में कमाई
भारत में 15वें दिन फिल्म ने 3 करोड़ के लगभग की कमाई की है। ट्रेड पंडितों की मानें तो वीकेंड तक फिल्म 175 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है। वहीं, फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 190 करोड़ के आस पास रह सकता है।

दूसरी फिल्मों से टक्कर
इस शुक्रवार सिनेमाघरों में बंटी और बबली 2 रिलीज हो चुकी है। जाहिर है इससे सूर्यवंशी के स्क्रीन्स में कमी आई है। वहीं, अगले हफ्ते जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते 2 और सलमान खान की अंतिम रिलीज होने वाली है। जिसके बाद सूर्यवंशी के पास ना के बराबर स्क्रीन रहेगी। लिहाजा, फिल्म के पास कमाने के लिए सिर्फ 6 दिनों का समय है।

ओवरसीज कलेक्शन
फिल्म ने ओवरसीज में 55 करोड़ का बिजनेस किया है.. और ये इस हफ्ते ज्यादा से ज्यादा 60-62 करोड़ तक जा सकता है। बहरहाल, बॉक्स ऑफिस पर सूर्यवंशी हिट रही है।

4600 करोड़ तक पहुंचे अक्षय कुमार
बता दें, इस फिल्म की कलेक्शन के साथ अक्षय कुमार के 30 सालों का करियर का अब तक कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 4600 करोड़ से ऊपर पहुंच चुका है।

टॉप 5 में शामिल
सूर्यवंशी कलेक्शन के मामले में अक्षय कुमार की टॉप 5 फिल्मों में भी शामिल हो चुकी है। फिलहाल सूर्यवंशी से ऊपर हैं हाउसफुल 4 (206 करोड़), गुड न्यूज (201.14 करोड़), मिशन मंगल (200.16 करोड़) और 2.0 हिंदी (188 करोड़).. देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यवंशी इन फिल्मों को पार कर पाती है या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications