सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: चौथे शनिवार को अक्षय कुमार ने मारी लंबी छलांग, पूरे 100 प्रतिशत बढ़ी कमाई
सूर्यवंशी की कमाई, शुक्रवार को सलमान खान की अंतिम की रिलीज़ के साथ बुरी तरह गिरी थी लेकिन फिल्म ने शनिवार को ज़बरदस्त छलांग लगाते हुए सबको चौंका दिया है। शनिवार 27 नवंबर को, अपनी रिलीज़ के 23वें दिन सूर्यवंशी ने लगभग 1.5 करोड़ की कमाई की है। ये आंकड़ा, पिछले दिन शुक्रवार से लगभग दोगुना है।
सूर्यवंशी ने शनिवार को 100 प्रतिशत बढ़ाते हुए शुक्रवार के 72 लाख की कमाई को दोगुना किया है और शनिवार को 1.5 करोड़ की कमाई की। वो भी तब, जब फिल्म को सत्यमेव जयते 2 और अंतिम द फाईनल ट्रुथ के साथ स्क्रीन शेयर करना पड़ रहा है और इस वजह से फिल्म के शो कम हो चुके हैं।

जहां पिछले हफ्ते तक मुंबई में ही सूर्यवंशी के लगभग 600 शो चल रहे थे वहीं सत्यमेव जयते 2 और अंतिम द फाईनल ट्रुथ की रिलीज़ के बाद अक्षय कुमार - रोहित शेट्टी की फिल्म को मुंबई में लगभग 150 शो मिल रहे हैं। वहीं चेन्नई जैसे शहर में तो अब फिल्म के केवल 4 शो चल रहे हैं। लेकिन फिर भी सूर्यवंशी की कमाई नहीं थम रही है।

चौथे शनिवार को भी टिकी
सूर्यवंशी 5 नवंबर को रिलीज़ हुई थी और 23 दिन बाद, चौथे शनिवार को भी फिल्म पूरी मज़बूती से बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है। शनिवार को फिल्म ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करते हुए 27 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज करते हुए सभी को चौंका दिया है। फिल्म ने सुबह के शो में 12 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरूआत की थी, दोपहर के शो में ये आंकड़ा 23 प्रतिशत तक पहुंच गया। शाम तक सूर्यवंशी की ऑक्यूपेंसी 33 प्रतिशत पर रही और रात में फिल्म ने 40 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

कुछ शहरों में हुआ धमाका
कुछ बड़े शहरों में सूर्यवंशी ने शनिवार को धमाकेदार प्रदर्शन किया। पुणे में फिल्म ने 50 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की जो रात के शो में सर्वाधिक रही। पुणे में रात के शो में 65 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं चेन्नई के चार शो में फिल्म ने शनिवार को यूं तो कुल 39 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। जहां सुबह और दोपहर के शो खाली गए वहीं रात में फिल्म ने 95 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज करते हुए ज़बरदस्त कमाई की।

सभी शहरों में औसत से अच्छा प्रदर्शन
लगभग सभी बड़े शहरों में सूर्यवंशी ने औसत से ऊपर प्रदर्शन किया। जहां बेंगलुरू में लगातार कम आंकड़ों के बाद शनिवार को ऑक्यूपेंसी 37 प्रतिशत रही वहीं मुंबई में भी फिल्म ने 38 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। अहमदाबाद और चंडीगढ़ में ये आंकड़ा 23 प्रतिशत रहा तो सूरत, जयपुर, लखनऊ, कोलकाता, हैदराबाद जैसे शहरों में 15 - 20 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी रही।

अब तक की कुल कमाई
शनिवार की कमाई मिलाते हुए, सूर्यवंशी ने 23 दिनों में कुल 187 करोड़ की कमाई कर ली है। फिल्म का बजट 180 करोड़ था और ये अब सुपरहिट होने के बाद ब्लॉकबस्टर होने की राह पर है। माना जा रहा है कि अगर सूर्यवंशी ने लगभग 210 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया तो ये अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ के करियर की एक और ब्लॉकबस्टर होगी।

शुरूआत से ही तेज़ पकड़
सूर्यवंशी ने शुुरूआत से ही अपनी तेज़ पकड़ बना कर रखी है। फिल्म ने 26 करोड़ की ओपनिंग देते हुए 77 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड दिया था। इसके बाद फिल्म ने पहले ही हफ्ते में 120 करोड़ की कमाई कर ली थी। दूसरे वीकेंड पर भी फिल्म ने अच्छी पकड़ बनाए रखी और लगभग 30 करोड़ का वीकेंड देते हुए 45 करोड़ का दूसरा हफ्ता दिया। तीसरे वीकेंड पर सूर्यवंशी ने 12 करोड़ की कमाई करते हुए तीसरे हफ्ते में 18 करोड़ की कमाई की।

चौथे वीकेंड भी मज़बूत
चौथे वीकेंड की शुरूआत भले ही धीमी रही हो और शुक्रवार को फिल्म ने 72 लाख की कमाई की हो लेकिन शनिवार को अपनी कमाई दोगुनी करते हुए सूर्यवंशी ने ये साबित कर दिया है कि फिल्म अभी भी मज़बूती से बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। देखना है कि रविवार की कमाई, सूर्यवंशी के चौथे वीकेंड को कितना अद्भुत आंकड़ा देती है।


Click it and Unblock the Notifications