शमशेरा वीकेंड बॉक्स ऑफिस: औंधे मुंह गिरी रणबीर कपूर की फिल्म, यहां जानें तीन दिनों की कमाई
रणबीर कपूर और संजय दत्त स्टारर फिल्म 'शमशेरा' को दर्शकों ने पूरी तरह से नकार दिया है। फिल्म को जहां समीक्षकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है, वहीं बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का नजीता साफ देखा जा सकता है। ओपनिंग वीकेंड तक फिल्म महज 30 करोड़ का आंकड़ा पार कर पाई है। कहना गलत नहीं होगा कि शमशेरा सुपरफ्लॉप हो चुकी है।
करण मल्होत्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने शुक्रवार को 10.25 करोड़, शनिवार को 10.50 करोड़ और रविवार को फिल्म ने 11 करोड़ के लगभग की कमाई की है। ट्रेड पंडितों की मानें तो, 150 करोड़ के बजट पर बनी शमशेरा बॉक्स ऑफिस पर मुश्किल से 60 करोड़ तक पहुंच पाएगी।

शमशेरा का फ्लॉप होना यशराज बैनर के लिए भी किसी शॉक से कम नहीं साबित होता है। यह प्रोडक्शन हाउस की लगातार चौथी बड़ी फ्लॉप है। इससे पहले बंटी और बबली 2, जयेशभाई जोरदार और सम्राट पृथ्वीराज भी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। बहरहाल, अब उनकी सारी उम्मीदें आने वाली सलमान खान और शाहरुख खान स्टारर बिग बजट फिल्में टाइगर 3 और पठान पर टिकी है। जो साल 2023 में रिलीज होने वाली हैं।
वहीं, शमशेरा की बात करें तो मल्टीप्लेक्स चेन्स हों या सिंगल स्क्रीन - फिल्म हर जगह असफल रही। फिल्म ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली और फिर मुंबई में ठीक ठाक बिजनेस किया, लेकिन बाकि जगहों पर हाल ऐसा रहा कि कई शोज को कैंसिल करने पड़े।
बता दें, ये लॉकडाउन के बाद सबसे ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज होने वाली फिल्म थी। फिल्म को 4300 स्क्रीन्स मिले थे। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म कोई कमाल नहीं दिखा पाई। यह बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए भी झटका है। साल 2022 में 'द कश्मीर फाइल्स' और 'भूल भुलैया 2' को छोड़कर कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय तक के नहीं टिक पाई। यह बेहद निराशाजनक है। ऐसे में अब सबकी नजर 11 अगस्त को आने वाली फिल्में रक्षाबंधन और लाल सिंह चड्ढा पर है।


Click it and Unblock the Notifications












