सत्यमेव जयते 2 बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट - तीसरे दिन भी नहीं उठ पाए जॉन अब्राहम, सूर्यवंशी - अंतिम के आगे धराशाई
जॉन अब्राहम स्टारर सत्यमेव जयते 2 तीसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं कर पाई। फिल्म से काफी ज़्यादा उम्मीदें थीं लेकिन ओपनिंग के साथ ही फिल्म ने सारी उम्मीदें धराशाई कर दीं। इसके बाद माना जा रहा था कि वीकेंड पर जॉन अब्राहम कमाई के लिहाज़ से बॉक्स ऑफिस पर छलांग लगाएंगे। लेकिन शनिवार को भी फिल्म ने केवल 2.2 करोड़ की कमाई की है। अभी तक फिल्म ने कुल 7.9 करोड़ की कमाई की है।
लेकिन सलमान खान - आयुष शर्मा की अंतिम और अक्षय कुमार की सूर्यवंशी ने जॉन अब्राहम के लिए कमाई के मौके बेहद सीमित कर दिए हैं और जॉन अब्राहम की ये फिल्म ओपनिंग के साथ जिस तरह लड़खड़ाई, दोबारा उठ नहीं पा रही है।

सत्यमेव जयते 2 से 5 करोड़ की ओपनिंग की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन गुरूवार को फिल्म ने ओपनिंग के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर केवल 3.6 करोड़ की कमाई की। शुक्रवार को ये आंकड़ा और कम हो गया और फिल्म केवल 2 करोड़ की कमाई कर पाई। माना जा रहा था कि शनिवार को फिल्म रफ्तार पकड़ेगी।

शनिवार को भी धीमी रफ्तार
शनिवार को सत्यमेव जयते 2 ने बॉक्स ऑफिस पर 10 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की। फिल्म ने सुबह के शो में 7.3 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ शुरूआत की। दोपहर में ये आंकड़ा 8.3 फीसदी रहा। शाम में फिल्म के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद थी लेकिन फिल्म ने केवल 11 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की और रात होते होते तक ये आंकड़ा 12.9 प्रतिशत हो गई।

दक्षिण के शहरों में अच्छा प्रदर्शन
सत्यमेव जयते 2 ने चेन्नई और हैदराबाद में अच्छा प्रदर्शन किया। चेन्नई में फिल्म ने 22 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की वहीं हैदराबाद में ये आंकड़ा 16 प्रतिशत था। लेकिन बेंगलुरू में फिल्म कोई कमाल नहीं दिखा पाई और तीसरे दिन, बेंगलुरू में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 5 प्रतिशत दर्ज की गई।

सलमान से मिली टक्कर
जॉन अब्राहम की फिल्म को सलमान खान और आयुष शर्मा की फिल्म अंतिम से टक्कर मिली और जॉन अब्राहम इस टक्कर के साथ ही धराशाई हो गए। हालांकि, जॉन की फिल्म को दर्शकों का फैसला, गुरूवार को ही मिल चुका था। सत्यमेव जयते 2, अंतिम से एक दिन पहले रिलीज़ हुई थी।

दर्शकों ने दे दिया फैसला
जॉन अब्राहम की फिल्म को mass film कहा जा रहा है और उनकी पिछली फिल्मों के प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा था कि सत्यमेव जयते 2, सूर्यवंशी के बाद बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी कमाई करेगी। लेकिन इन तीनों फिल्मों में जॉन अब्राहम की फिल्म सबसे पीछे रह गई है और दर्शकों को फिल्म ज़्यादा खींच नहीं पा रही है।

60 करोड़ की फिल्म
सत्यमेव जयते 2 ढाई हज़ार स्क्रीन पर रिलीज़ हुई है। अभी तक ओवरसीज़ में फिल्म की कमाई के आंकड़े बाहर नहीं आए हैं। फिल्म का बजट लगभग 60 करोड़ रूपये है और जिस हिसाब से जॉन अब्राहम की फिल्म कमाई कर रही है, उस लिहाज़ से फिल्म का बजट निकाल पाना भी मुश्किल लग रहा है। खासतौर से तब जब अगले हफ्ते, अहान शेट्टी - तारा सुतारिया की तड़प, सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications











