Sardaar Ji 3 BOC: दिलजीत की मूवी ने बनाया नया रिकॉर्ड, भारत में रिलीज ना होने के बावजूद बनी सबसे बड़ी फिल्म!

Sardaar Ji 3 Box Office Collection: दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सरदारजी 3' भले ही भारत में रिलीज नहीं हुई हो, लेकिन इसके बावजूद इसने दुनियाभर में धमाकेदार कमाई कर सभी को चौंका दिया है। पाकिस्तानी एक्ट्रेस हनिया आमिर की मौजूदगी के चलते फिल्म को लेकर विवाद हुआ था और इसी वजह से मेकर्स ने इसे भारत में रिलीज न करने का फैसला किया।
लेकिन ये फैसला फिल्म की कमाई को बिल्कुल भी नहीं रोक पाया। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, सरदारजी 3 ने सिर्फ 10 दिनों में 42.60 करोड़ की कमाई कर डाली है और इसी के साथ यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पंजाबी फिल्म बन गई है।
'सौंकन सौंकने 2' को पीछे छोड़ा
इससे पहले, निमरत खैरा, सरगुन मेहता और एमी विर्क की सौंकन सौंकने 2 ने साल की सबसे बड़ी पंजाबी फिल्म का खिताब अपने नाम किया था, जिसकी वर्ल्डवाइड कमाई लगभग ₹35 करोड़ थी। लेकिन अब सरदारजी 3 ने इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
विदेशों में चला फिल्म का जादू
भारत में रिलीज ना होने के बावजूद फिल्म ने विदेशी बाजारों में जबरदस्त परफॉर्म किया। नॉर्थ अमेरिका से फिल्म ने लगभग 18.75 करोड़ की कमाई की। पाकिस्तान में इसने करीब 1.5 करोड़ जुटाए। यूके में फिल्म ने लगभग 6.5 करोड़ का बिजनेस किया। इसके अलावा, दूसरे देशों से भी 7 करोड़ से अधिक की कमाई हुई है। कुल मिलाकर, फिल्म बहुत जल्द 50 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी। अब ये सवाल उठता है कि अगर यह फिल्म भारत में भी रिलीज होती, तो क्या ये ₹100 करोड़ तक पहुंच सकती थी?
दिलजीत का करियर ट्रैक पर
फिल्म से जुड़े विवादों के कारण FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने दिलजीत दोसांझ पर बैन लगा दिया था। लेकिन बाद में जब बॉर्डर 2 के निर्माता भूषण कुमार ने उनसे अपील की कि शूटिंग का एक हिस्सा पूरा हो चुका है और सिर्फ एक गाने की शूटिंग बाकी है, तो FWICE ने यह बैन हटा लिया।
FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इंडिया टुडे से बात करते हुए बताया- "हम भूषण कुमार से दो बार मिले। उन्होंने रिक्वेस्ट की कि फिल्म में दिलजीत की जरूरत है क्योंकि ज्यादातर शूटिंग हो चुकी है। इसलिए हमने उन्हें एक बार के लिए परमिशन दी, लेकिन आगे से ऐसी स्थिति में किसी कॉन्ट्रोवर्शियल शख्स के साथ काम ना करने की सलाह दी है।"
दिलजीत की आने वाली फिल्में
दिलजीत दोसांझ जल्द ही 'बॉर्डर 2' और 'नो एंट्री 2' जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आएंगे। सरदारजी 3 की सफलता ने दिखा दिया है कि दर्शकों के बीच उनकी फैन फॉलोइंग कितनी जबरदस्त है और विवाद के बावजूद उनकी स्टार पावर बरकरार है।


Click it and Unblock the Notifications