Saiyaara BOC: 9वें दिन 'सैयारा' बनी साल की सबसे बड़ी रोमांटिक हिट, तोड़ेगी शाहिद की सुपरहिट फिल्म का रिकॉर्ड?

Saiyaara Box Office Collection Day 9: अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। शनिवार यानी अपने 9वें दिन, इस फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। ये 2025 की दूसरी बॉलीवुड फिल्म बन गई है जिसने यह रिकॉर्ड हासिल किया है। इससे पहले विक्की कौशल की 'छावा' ने 808 करोड़ की कमाई की थी।
दूसरे हफ्ते में भी जबरदस्त कमाई
मोहित सूरी के डायरेक्शन में बनी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने अपने दूसरे शुक्रवार को भी शानदार कमाई की। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, 8वें दिन तक फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 282 करोड़ तक पहुंच चुकी थी- जिसमें भारत से 229 करोड़ और विदेशों से 53 करोड़ शामिल हैं।
शनिवार को फिल्म ने ₹26.5 करोड़ की कमाई के साथ जबरदस्त उछाल दिखाया, जो शुक्रवार के मुकाबले 47.22% ज्यादा था। इसी के साथ, भारत में 'सैयारा' की कुल कमाई 217.26 करोड़ हो गई है।
विदेशों में भी खूब पसंद की जा रही है फिल्म
सैय्यारा ने अपने दूसरे शुक्रवार को विदेशों में $1 मिलियन से अधिक की कमाई की, जो कि किसी डेब्यू रोमांटिक फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। सैटनिल्क के अनुमान के मुताबिक, दूसरे वीकेंड में विदेशों से 28-30 करोड़ की और कमाई हो सकती है।
'कबीर सिंह' को पछाड़ सकती है 'सैयारा'
यदि फिल्म की यही रफ्तार बनी रही, तो सैय्यारा सोमवार या मंगलवार तक 'कबीर सिंह' (₹377 करोड़ वर्ल्डवाइड) की लाइफटाइम कमाई को पीछे छोड़ देगी और अब तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली रोमांटिक फिल्म बन सकती है। माना जा रहा है कि 'सैयारा' की रफ्तार अगर यूं ही चलती रही तो फिल्म दूसरे वीकेंड में 115 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई कर सकती है।
इस तरह, फिल्म की 9 दिनों की वर्ल्डवाइड कमाई ₹300 करोड़ से ज्यादा हो गई है, और रविवार तक यह आंकड़ा ₹365 करोड़ तक पहुंच सकता है।
कब तक चलेगा 'सैयारा' का जलवा?
सैय्यारा को अभी तक हिंदी बॉक्स ऑफिस पर किसी बड़ी फिल्म से टक्कर नहीं मिल रही है। ऐसे में सैकनिल्क का मानना है कि फिल्म का शानदार प्रदर्शन 1 अगस्त तक, यानी 'धड़क 2' और 'सन ऑफ सरदार 2' की रिलीज से पहले तक जारी रहेगा।
क्या है 'सैयारा' की कहानी?
'सैयारा' एक इमोशनल रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें अहान पांडे एक उभरते संगीतकार कृष कपूर के रोल में हैं, जबकि अनीत पड्डा एक शर्मीली सॉन्ग राइटर वाणी बत्रा के किरदार में नजर आती हैं। फिल्म में उनके रिश्ते के जरिए प्यार, दर्द और जिंदगी की उलझनों को बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है।


Click it and Unblock the Notifications