रक्षाबंधन DAY 2 बॉक्स ऑफिस: मुश्किल में अक्षय कुमार की फिल्म, यहां जानें कलेक्शन
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'रक्षाबंधन' बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर चुकी है। आनंद एल राय के निर्देशन में बनी, अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन जहां 8.20 करोड़ का कलेक्शन किया था, दूसरे दिन यानि की शुक्रवार को इसकी ऑक्यूपेंसी में 25-30 प्रतिशत की गिरावट दिखी। फिल्म ने दूसरे दिन 6 करोड़ के लगभग की कमाई की है।
दो दिनों में फिल्म की कमाई 14-15 करोड़ के लगभग हो चुकी है, जो कि उम्मीद से काफी कम है। नेशनल मल्टीप्लेक्स चेन्स में लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट आई है और मास सेंटर्स में 40 प्रतिशत तक की गिरावट देखी जा रही है। जाहिर तौर पर यह फिल्म के लिए अच्छी बात नहीं है।

उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे कुछ बड़े क्षेत्रों को छोड़कर, फिल्म हर जगह नीचे फिसली है। प्रतिशत के लिहाज से गिरावट लाल सिंह चड्ढा की तुलना में कम है, लेकिन फिल्म के लिए काफी नुकसानदायक है। रक्षाबंधन का बजट 60-65 करोड़ के बीच में है और इसमें अक्षय कुमार की फीस शामिल नहीं है।

बजट और कमाई
बजट के हिसाब से रक्षाबंधन को बॉक्स ऑफिस पर हिट होने के लिए कम से कम 100-120 करोड़ तक की कमाई करना पड़ेगी। जबकि ब्लॉकबस्टर की श्रेणी में जाने के लिए फिल्म को 150 करोड़ का आंकड़ा पार करना होगा। फिलहाल फिल्म को लेकर जैसा क्रेज है, यह आंकड़ा पार करना नामुमकिन लगता है।

अति महत्वपूर्ण 3 दिन
धीमी शुरुआत के बाद फिल्म के लिए 100 करोड़ क्लब में भी आना मुश्किल दिख रहा है। फिल्म के लिए आने वाले तीन दिन अति महत्वपूर्ण है। शनिवार, रविवार और सोमवार को फिल्म जितनी कमाई करेगी, उसी से हिट और फ्लॉप का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कैंसिल हो रहे हैं शोज!
रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म की धीमी शुरुआत को देखते हुए देशभर में कई जगह फिल्म के शोज भी कैंसिल किये जा रहे हैं। जहां लाल सिंह चड्ढा के 1300 शोज कैंसल हुए, वहीं रक्षाबंधन के 1000 शोज कैंसिल हो चुके हैं। कहना गलत नहीं होगा कि फिल्म की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

अक्षय कुमार के लिए झटका
इस साल अक्षय कुमार की तीन फिल्में रिलीज हो चुकी हैं- बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज और रक्षाबंधन.. अफसोस की बात है कि तीनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह असफल रही हैं। जबकि 2021 में आई अक्षय की ही फिल्म सूर्यवंशी सुपरहिट रही थी।


Click it and Unblock the Notifications











