BOX OFFICE: फोन भूत vs मिली vs डबल एक्सएल, ओपनिंग कलेक्शन में कैटरीना कैफ निकलीं आगे

इस शुक्रवार बॉलीवुड की तीन फिल्मों ने सिनेमाघरों में दस्तक दिया। जान्हवी कपूर स्टारर फिल्म 'मिली', कैटरीना कैफ- सिद्धांत चतुर्वेदी और ईशान खट्टर स्टारर 'फोन भूत' और हुमा कुरैशा- सोनाक्षी सिन्हा स्टारर 'डबल एक्सएल'। वहीं, इन सबके बीच थियेटर्स में दिखी बहुचर्चित फिल्म कांतारा।
बॉक्स ऑफिस की बात की जाए तो नई रिलीज फिल्मों के बावजूद दर्शक कांतारा की तरह आकर्षित दिखे। कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म फोन भूत ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत दिखाई है। फिल्म ने पहले दिन 2.05 करोड़ का कलेक्शन किया है।
हालांकि ओपनिंग नंबर्स के मामले में फोन भूत ने बॉक्स ऑफिस पर जान्हवी कपूर की मिली और सोनाक्षी सिन्हा की डबल एक्सएल को पछाड़ दिया है। बाकी दोनों फिल्में पहले दिन 50 लाख का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है। रिलीज होने के बाद, फोन भूत ने शाम और रात के शो में बढ़ोतरी देखी। लिहाजा, उम्मीद है कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में अच्छी बढ़त दिख सकती है। समीक्षकों से फिल्म को मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है।
जान्हवी कपूर की फिल्म ने पहले दिन 40 लाख कमाए हैं, वहीं डबल एक्सएल का कलेक्शन 15 लाख तक में ही सिमट कर रह गया। जबकि पिछले तीन हफ्तों से थियेटर्स में दौड़ रही कांतारा ने शुक्रवार को 2 करोड़ से ऊपर की कमाई की है।
फिल्म 'मिली' को हालांकि समीक्षकों से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म मे जान्हवी के परफॉर्मेंस को पसंद किया गया है। लेकिन अफसोस फिल्म दर्शकों को थियेटर तक नहीं खींच पा रही है। देखना दिलचस्प होगा कि तीनों फिल्में वीकेंड पर कैसा कारोबार करती हैं। बता दें, अगले हफ्ते सिनेमाघरों में सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ऊंचाई' रिलीज होने वाली है।


Click it and Unblock the Notifications












