Pathaan Advance Booking: शाहरुख खान की फिल्म ने वॉर को पछाड़ते हुए रचा इतिहास, 55-60 करोड़ पार

Pathaan Advance Booking: यशराज फिल्म्स की 'पठान' की रिलीज में अभी एक दिन का वक्त बाकी है, लेकिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास बनाना शुरु कर दिया है। शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर ये एक्शन फिल्म एडवांस बुकिंग के मामले में सबसे ज्यादा कमाने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है। जी हां, ऋतिक रोशन की वॉर (4.10 लाख टिकट) को पछाड़ते हुए पठान ने बॉक्स ऑफिस पर यह शानदार रिकॉर्ड कायम किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पठान की 4.19 से ज्यादा टिकट्स बिक चुके हैं। फिलहाल इससे आगे सिर्फ दो फिल्में हैं केजीएफ 2 (हिंदी), जिसकी 5.15 लाख टिकट बिके थे.. और बाहुबली 2 (हिंदी), जिसके 6.50 लाख टिकट बिके थे।
फिलहाल पठान की रिलीज में एक दिन का वक्त है और ट्रेड पंडितों की मानें ये आराम से केजीएफ 2 हिंदी का आंकड़ा पार सकती है। वहीं, कमाई की बात करें तो पठान के पहले वीकेंड का कलेक्शन भारत में अभी ही 55-60 करोड़ पार पहुंच चुका है।

कोलकाता और हैदराबाद में बंपर शुरुआत
शहरों के हिसाब से देखा जाए तो कोलकाता में फिल्म की एडवांस बुकिंग तगड़ी हो रही है। यहां ओपनिंग डे के लिए 65% तक की ऑक्यूपेंसी देखी जा रही है। इसके अलावा हैदराबाद में भी स्थिति काफी मजबूत हैं, जहां 60-65% तक शोज हाउसफुल हैं।

मुंबई, दिल्ली में भी स्थिति मजबूत
वहीं, मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरू में शुरुआत धीमी हुई थी.. लेकिन अब धीरे धीरे आकंड़े शानदार तरीके से ऊपर चढ़ रहे हैं। अहमदाबाद और पंजाब मेंफिल्म की एडवांस बुकिंग की रफ्तार अभी भी थोड़ी कम है।

150-200 करोड़ की ओपनिंग
पठान रिपब्लिक डे के मौके पर रिलीज हो रही है। ऐसे में छुट्टियों की वजह से पठान को 5 दिन का लंबा वीकेंड मिला है। लिहाजा, लंबी वीकेंड और एडवांस बुकिंग की नंबर्स को देखते हुए कह सकते हैं कि ओपनिंग वीकेंड पर फिल्म 150 करोड़ से 200 करोड़ के बीच बिजनेस कर सकती है।

शाहरुख खान की वापसी
शाहरुख खान लगभग चार सालों के बाद बड़ी स्क्रीन पर वापस आ रहे हैं। साल 2018 दिसंबर में आई फिल्म ज़ीरो के बाद सुपरस्टार ने लंबा ब्रेक लिया था.. और अब 2023 में वो तीन फिल्मों के साथ वापस आ रहे हैं। कोई शक नहीं कि उनके फैंस का क्रेज एक अलग लेवल पर चल रहा है।


Click it and Unblock the Notifications