Mahavatar Narasimha BOC: रक्षाबंधन पर फिल्म ने की छप्परफाड़ कमाई, दबंग और सिंघम रिटर्न्स को पछाड़ बनी हिट मशीन

Mahavatar Narasimha Box Office Collection: आमतौर पर फिल्मों का कलेक्शन रिलीज के कुछ दिनों बाद धीमा पड़ने लगता है, लेकिन 'महावतार नरसिम्हा' के साथ कहानी बिल्कुल उलट है। शुरुआत में फिल्म की कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी थी, लेकिन समय के साथ इसके कलेक्शन में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
रक्षाबंधन की छुट्टी पर तो फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की। यह एनिमेटेड फिल्म होम्बाले फिल्म्स के महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली किस्त है, जिसे 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था।
पहले हफ्ते धीमी, दूसरे हफ्ते तेज
रिलीज के पहले दिन फिल्म ने सिर्फ 1.75 करोड़ रुपये कमाए थे। पहले हफ्ते तक इसका कुल कलेक्शन 44.75 करोड़ रुपये रहा। लेकिन दूसरे हफ्ते में दर्शकों का प्यार कुछ और ही स्तर पर देखने को मिला और फिल्म ने 73.4 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली।
150 करोड़ क्लब के करीब
15वें दिन 'महावतार नरसिम्हा' ने 7.5 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जबकि 16वें दिन रक्षाबंधन के मौके पर यह आंकड़ा सीधे 19.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। अब तक फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 145.15 करोड़ रुपये हो चुका है, यानी यह जल्द ही 150 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली है।
सलमान और अजय की हिट फिल्मों को पछाड़ा
16 दिन के कलेक्शन के साथ 'महावतार नरसिम्हा' ने कई बड़े स्टार्स की सुपरहिट फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसने आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल (141.3 करोड़), अजय देवगन की सिंघम रिटर्न्स (140.06 करोड़) और सलमान खान की दबंग (140.22 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। अब यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में 76वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है।
कम बजट में बड़ी सफलता
महज 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस एनिमेटेड फिल्म का डायरेक्शन अश्विन कुमार ने किया है। इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम- पांच भाषाओं में रिलीज किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications