लव आज कल DAY 4: चार दिनों में ही फ्लॉप कार्तिक- सारा की फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल
कार्तिक आर्यन- सारा अली खान स्टारर फिल्म 'लव आज कल' को भले ही ठीक ठाक ओपनिंग वीकेंड मिल गई, लेकिन हफ्ता शुरु होते ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम से नीचे गिर गई। सोमवार को फिल्म ने महज 2.75 करोड़ का कलेक्शन किया है। जो कि बेहद कम आंकड़ा है। फिल्म वैलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज हुई थी लेकिन काफी निगेटिव प्रतिक्रिया मिली है, जिसका प्रभाव बॉक्स ऑफिस पर भी साफ देखने को मिला।
इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अब तक 31.26 करोड़ का कलेक्शन किया है। 'लव आज कल' के आंकड़े साफ बता रहे हैं कि फिल्म निगेटिव वर्ड ऑफ माउथ से प्रभावित हुई है। ट्रेड पंडितों की मानें तो फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 40-45 करोड़ तक पहुंच सकता है।

जहां लगातार तीन हिट फिल्मों के बाद, यह कार्तिक आर्यन की पहली फ्लॉप फिल्म होगी। वहीं, सारा अली खान के करियर की भी यह पहली फ्लॉप बन चुकी है। इससे पहले सारा केदारनाथ और सिंबा जैसी फिल्मों का हिस्सा रही हैं। फिल्म में दर्शकों ने इस जोड़ी को साफ तौर पर नकार दिया है। जबकि फिल्म रिलीज से पहले यह जोड़ी चर्चा का केंद्र बनी हुई थी। बहरहाल, 'जब हैरी मेट सेजल' के बाद यह इम्तियाज अली की दूसरी बड़ी फ्लॉप साबित हुई है।
खास बात है कि इस शुक्रवार दो फिल्में रिलीज हो रही हैं- विकी कौशल की 'भूत'.. और आयुष्मान खुराना की 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान'। जाहिर है इन दो फिल्मों के आने के बाद 'लव आज कल' सिनेमाघरों से गायब हो जाने वाली है।


Click it and Unblock the Notifications











