BOX OFFICE: 2020 की सबसे बड़ी फ्लॉप बनी कार्तिक- सारा की 'लव आज कल', जानें कलेक्शन
कार्तिक आर्यन और सारा अली खान स्टारर इम्तियाज अली की फिल्म 'लव आज कल' ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे दिन से ही फिल्म का कलेक्शन बिल्कुल ही नीचे आ गिरा। 'लव आज कल' 2020 की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में शामिल हो चुकी है। 65 करोड़ के बजट पर बनी यह फिल्म अब तक मुश्किल से 35 करोड़ तक पहुंच पाई है।
इस फिल्म से जहां पहले हफ्ते में ही 65-70 करोड़ की उम्मीद जताई जा रही थी। फिल्म मुश्किल से 40 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन दे पाएगी। साफ तौर पर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप है।

बता दें, प्रमोशन मिलाकर फिल्म का कुल बजट है 65 करोड़। फिल्म के म्यूजिक, डिजिटल और सैटेलाइट राइट्स 55 करोड़ में बिके हैं, वहीं थियेट्रिकल राइट्स 45 करोड़.. और ओवरसीज राइट्स 10 करोड़ में।
लिहाजा, आंकड़ों के अनुसार फिल्म के निर्माताओं को नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन डिस्ट्रिब्यूटर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। फिल्म को मुनाफेदार बनने के लिए भारत में कम से कम 90-100 करोड़ की कमाई करनी थी, लेकिन फिल्म 40 करोड़ तक भी नहीं पहुंच पाई है। ऐसे में डिस्ट्रिब्यूटर्स को 25 करोड़ तक का नुकसान उठाना पड़ेगा।
वैलेंटाइन डे मौके पर रिलीज इस फिल्म से काफी उम्मीदें जताई जा रही थी। खासकर कार्तिक- सारा की जोड़ी का काफी क्रेज था। लेकिन फिल्म का कंटेंट बेहद कमजोर था और फिल्म निगेटिव वर्ड ऑफ माउथ से प्रभावित हुई। जहां लगातार तीन हिट फिल्मों के बाद, यह कार्तिक आर्यन की पहली फ्लॉप फिल्म होगी। वहीं, सारा अली खान के करियर की भी यह पहली फ्लॉप बन चुकी है। इससे पहले सारा केदारनाथ और सिंबा जैसी फिल्मों का हिस्सा रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications











