तीन हफ्तों से दौड़ रही है ऋतिक रोशन की 'सुपर 30' - BOX OFFICE पर सुपरहिट
ऋतिक रोशन की फिल्म 'सुपर 30' ने सिनेमाघरों में तीन हफ्ते पूरे कर लिये हैं। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अब तक 131.50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। जाहिर है विकास बहल के निर्देशन में बनी यह फिल्म सुपरहिट हो चुकी है। बिहार के गणितज्ञ आनंद कुमार की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। जिसका नतीजा बॉक्स ऑफिस पर दिख रहा है।
सुपर 30 को पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का काफी फायदा मिल रहा है। जहां पहले हफ्ते फिल्म ने 75.85 करोड़ और दूसरे हफ्ते 37.86 करोड़ का कलेक्शन किया था, वहीं तीसरे हफ्ते 15 करोड़ के लगभग की कमाई की।

ट्रेड पंडितों की मानें तो फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 150 करोड़ तक पहुंच सकता है। खास बात है कि फिल्म को बिहार, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, मुंबई, हरयाणा जैसे राज्यों में टैक्स फ्री भी कर दिया गया है। जाहिर है टैक्स फ्री होने से भी फिल्म की कमाई पर खासा प्रभाव दिखा। खासकर मुंबई और दिल्ली में फिल्म ने जबरदस्त कलेक्शन दिखाया है।
2017 में आई काबिल के बाद, ऋतिक ढ़ाई सालों के बाद सुपर 30 में नजर आए। फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार था। यह ऋतिक की पांचवी 100 करोड़ी और तीसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बन चुकी है। लगभग 65 करोड़ के बजट पर बनी यह फिल्म अब मुनाफा कमा रही है। सुपर 30 की सफलता के बाद अब फैंस को ऋतिक की अगली फिल्म 'वॉर' का इंतजार है।
सुपर 30 की सफलता पर ऋतिक ने कहा- सुपर 30 को मिल रही प्रतिक्रिया देखकर संतुष्टि और खुशी का एहसास हो रहा है। ये वैसी ही फीलिंग है जब मेरी पहली फिल्म कहो ना प्यार है रिलीज पर मुझे हुई थी। फिल्म की सफलता में बॉक्स ऑफिस की भी अहमियत होती है। कलेक्शन से पता चलता है कि ऑडियंस को आपका काम पसंद आ रहा है और वो आपकी फिल्म के साथ कहीं न कहीं कनेक्ट कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
