ना धुरंधर, ना छावा, ना सैयारा... ये है 2025 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर, 50 लाख के बजट में बनी कमाए 120 करोड़
2025 Biggest Hit: साल 2025 भारतीय फिल्मों के लिए काफी शानदार रहा। इस साल कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की। हैरानी की बात ये रही कि कुछ फिल्मों में न तो बड़े स्टार थे और न ही भारी-भरकम बजट, फिर भी लोगों ने उन्हें खूब पसंद किया। 'धुरंधर', 'छावा' और 'सैयारा' जैसी फिल्मों ने सिनेमाघरों में खूब धमाल मचाया। रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' तो अब भी अच्छा कलेक्शन कर रही है और चौथे रविवार तक 22 करोड़ से ज्यादा कमा चुकी है।

2025 में एक ऐसी फिल्म भी आई, जिसने बिना रोमांस, एक्शन और बड़े सुपरस्टार के बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया। अगर आपने इसके बारे में नहीं सुना है, तो चलिए आपको बताते हैं।
50 लाख में बनी, 120 करोड़ कमा गई
इस साल कई बड़ी फिल्में आईं, लेकिन एक छोटी सी गुजराती फिल्म ने सबको चौंका दिया। सिर्फ 50 लाख रुपये में बनी गुजराती फिल्म 'लालो कृष्ण सदा सहायते' ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 120 करोड़ रुपये की कमाई कर ली। यानी फिल्म ने अपने बजट से 240 गुना ज्यादा पैसा कमा लिया। इससे पहले ऐसा रिकॉर्ड 'सीक्रेट सुपरस्टार' के पास था, जिसे इस फिल्म ने तोड़ दिया।
बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया
कम बजट की इस गुजराती फिल्म ने कमाई के मामले में 2025 की कई बड़ी हिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। 'धुरंधर', 'सैयारा' और 'कांताराः चैप्टर वन' जैसी फिल्में भी मुनाफे में इससे पीछे रह गईं।
लोगों को फिल्म की कहानी इतनी पसंद आई कि IMDb पर इसे 8.7 की शानदार रेटिंग मिली, जो बताती है कि कंटेंट के मामले में फिल्म काफी मजबूत है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी एक साधारण रिक्शा चालक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो किसी वजह से एक फार्महाउस में फंस जाता है। वहां उसका सामना अपने पुराने दुश्मनों से होता है। इन मुश्किल हालात में उसे भगवान श्रीकृष्ण पर भरोसा होता है और उसे उनकी मौजूदगी का एहसास होता है।
इस फिल्म को अंकित साखिया ने डायरेक्ट किया है। इसमें रीवा राछ, श्रुहद गोस्वामी, करण जोशी और मिष्टी नजर आते हैं। शुरू में फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन धीरे-धीरे लोगों की जुबान पर इसका नाम चढ़ गया और यही वजह रही कि यह फिल्म सुपरहिट बन गई। साथ ही यह 100 करोड़ कमाने वाली पहली गुजराती फिल्म भी बन गई।


Click it and Unblock the Notifications










