गंगूबाई काठियावाड़ी बॉक्स ऑफिस: दूसरे दिन आलिया भट्ट की ज़बरदस्त छलांग, 33 प्रतिशत ज़्यादा कमाई
आलिया भट्ट स्टारर गंगूबाई काठियावाड़ी, आते ही बॉक्स ऑफिस पर छा चुकी है। फिल्म ने पहले दिन, उम्मीद से ज़्यादा कमाई करते हुए सबको चौंकाया वहीं शनिवार को आलिया की फिल्म ने ओपनिंग से 33 प्रतिशत ज़्यादा कमाई की है। गंगूबाई काठियावाड़ी ने शनिवार, 26 फरवरी को, रिलीज़ के दूसरे दिन 14 करोड़ की कमाई की है।
संजय लीला भंसाली का जादू दर्शकों के सर चढ़कर बोल रहा है और इसका असर, गंगूबाई काठियावाड़ी के आंकड़ों से साफ दिखाई दे रहा है। दो दिनों में फिल्म ने कुल 24.5 करोड़ की कमाई कर ली है।

माना जा रहा है कि रविवार को ये आंकड़े और तेज़ी से उछाल लेंगे और इस फिल्म के साथ आलिया भट्ट लगभग 40 करोड़ का शानदार वीकेंड दे सकती हैं। कोरोना काल में ये एक बहुत ही अहम कमाई होगी, खासतौर से एक यंग फीमेल सुपरस्टार की फिल्म के साथ। इसके लिए आलिया भट्ट को हर तरफ से बधाई मिल रही है।

शनिवार को अच्छी ऑक्यूपेंसी
गंगूबाई काठियावाड़ी ने शनिवार को शुक्रवार से भी अच्छी ऑक्यूपेंसी दर्ज की। जहां शुक्रवार को फिल्म ने 29 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की थी वहीं शनिवार को ये आंकड़ा और भी शानदार रहा। शनिवार को थिएटर में लगभग 40 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। ये आंकड़ा तब का है जब कई शहरों में अभी भी सिनेमाघर 50 प्रतिशत दर्शक क्षमता पर खुले हुए हैं।

सुबह से बनाई पकड़
शनिवार को वीकेंड का मज़ा दर्शक सुबह के शो से ही देखते मिले। सुबह के शो में 22 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। ये आंकड़ा मुंबई, पुणे, हैदराबाद और चेन्नई जैसे शहरों में 50 प्रतिशत से ऊपर ही रहा। इसकी झलक, ओपनिंग के दिन रात के शो में मिल गई थी जहां थिएटर में कुल 49 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी शुक्रवार की रात ही दर्ज की गई थी।

शनिवार को बेहतर हुए आंकड़े
शनिवार को दिन बढ़ने के साथ आंकड़े और बेहतर होते गए। दिन में जहां 35 प्रतिशत ऑक्यूपेसी दर्ज की गई वहीं शाम होते होते तक ये आंकड़ा 49 प्रतिशत तक पहुंच गया। रात में ये आंकड़ा ज़्यादा नहीं बढ़ा और 52 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी पर ही रूक गया। लेकिन माना जा रहा है कि रविवार को ये आंकड़े और तेज़ी से उछाल मारेंगे।

तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
आलिया भट्ट ने कमाई के मामले में बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाए हैं। कोरोना काल के बाद जहां सिनेमाघरों में वापस जान फूंकने की कोशिश की जा रही है वहां आलिया भट्ट ने अक्षय कुमार की सूर्यवंशी और रणवीर सिंह की 83 के बाद कोरोना काल के बाद की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग दी है। वहीं ये बात इसलिए खास और हो जाती है क्योंकि इस फिल्म की इकलौती स्टार आलिया भट्ट हैं।

सलमान खान को भी पीछे छोड़ा
गंगूबाई काठियावाड़ी की 10.5 करोड़ की ओपनिंग के साथ ही आलिया भट्ट ने सलमान खान की स्टार पावर को भी कम कर दिया। सलमान खान - आयुष शर्मा के साथ महेश मांजरेकर की फिल्म अंतिम द फाईनल ट्रुथ में नज़र आए थे। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर केवल 5 करोड़ की ओपनिंग दी थी।

दो डिजिट की नहीं थी उम्मीद
वहीं ट्रेड गलियारों के हिसाब से आलिया भट्ट से दो डिजिट ओपनिंग की अपेक्षा भी नहीं की जा रही थी। गंगूबाई ने एडवांस बुकिंग से 2.5 करोड़ की कमाई की थी और माना जा रहा था कि वो 8 करोड़ तक की ओपनिंग देंगी। अगर शुक्रवार को ही अच्छा वर्ड ऑफ माउथ मिलने लगा तो आलिया 9 - 9.5 करोड़ तक भी पहुंच सकती हैं। लेकिन आलिया भट्ट ने 10.5 करोड़ की कमाई के साथ सबको चौंका दिया।

विरोधी भी कर रहे हैं तारीफ
आलिया भट्ट ने गंगूबाई काठियावाड़ी के साथ सफलता का नया इतिहास लिखने की ठान ली है और इस बात के लिए उनके विरोधी भी उनकी प्रशंसा कर रहे हैं। फिल्म की अच्छी ओपनिंग रिपोर्ट के बाद कंगना रनौत भी उनकी तारीफ करते दिखीं और इसे सिनेमा और थिएटर के लिए अहम पड़ाव बताया। जबकि कुछ दिनों पहले ही कंगना ने भविष्यवाणी की थी कि 200 करोड़ की ये फिल्म फूंक जाएगी और कोई कमाई नहीं कर पाएगी।

3000 स्क्रीन पर रिलीज़ हुई बड़े बजट की फिल्म
संजय लीला भंसाली की ये फिल्म उनकी हर फिल्म की तरह भव्य बजट पर बनाई गई है। 3000 स्क्रीन पर रिलीज़ हुई गंगूबाई काठियावाड़ी का बजट है लगभग 180 करोड़ रूपये। फिल्म के लिए आलिया भट्ट ने 20 करोड़ रूपये फीस ली है और फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर हिट होने के लिए कम से कम 200 करोड़ कमाई की ज़रूरत है।


Click it and Unblock the Notifications











