गदर Vs लगान महाक्लैश, जब सनी देओल से टकराए थे आमिर खान, जानें बॉक्स ऑफिस पर किसने मारी थी बाजी!

Gadar vs Lagaan: सनी देओल स्टारर फिल्म 'गदर 2' अगले महीने सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी ये फिल्म 11 अगस्त 2023 को रिलीज होने वाली है। खास बात है कि इसी दिन अक्षय कुमार स्टारर ओएमजी 2 भी आ रही है। जी हां, बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल और अक्षय कुमार के फिल्मों की भिड़ंत होने वाली है।
दिलचस्प है कि गदर 2 से पहले, साल 2001 में आई फिल्म 'गदर' भी सोलो रिलीज नहीं हो पाई थी। 22 साल पहले आमिर खान स्टारर लगान और सनी देओल- अमीषा पटेल स्टारर गदर, बॉक्स ऑफिस पर क्लैश कर चुके हैं। ये बॉलीवुड की सबसे बड़ी क्लैश में से एक मानी जाती है।
सनी देओल vs आमिर खान से बॉक्स ऑफिस को फायदा
साल 2001 में जब कई बड़ी फिल्में फ्लॉप हो रही थीं, इन दो फिल्मों ने मिलकर धमाकेदार कमाई की थी और बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये थे। दोनों फिल्में कंटेंट के मामले में भी इतनी मजबूत थी कि आज भी लोगों की फेवरिट बनी हुई है। देखा जाए तो, एक-दूसरे के बिजनेस को हानि पहुंचाने के बजाय, गदर और लगान के लिए बॉक्स ऑफिस क्लैश फायदे का सौदा साबित हुआ था।
जानें गदर और लगान ने कितनी की थी कमाई
बहरहाल, लगान भले ही चर्चा में ज्यादा रही हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस आंकड़ों की बात करें तो सनी देओल की गदर ने तबाही मचा दी थी। उस साल गदर ने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़े थे। फिल्म ने उस ज़माने में 75 करोड़ की कमाई कर सबको चौंका दिया। ये उस साल की सबसे बड़ी फिल्म बनकर उभरी थी। ट्रेड विशेषज्ञों की मानें तो अगर फिल्म आज के ज़माने में रिलीज़ की गई होती तो बजरंगी भाईजान से लेकर चेन्नई एक्सप्रेस तक और पीके से लेकर सुलतान तक सब धराशाई हो जाते।
वहीं, लगान की कमाई भले कम रही थी, लेकिन फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। 35 करोड़ की कलेक्शन के साथ यह साल की सबसे ज़्यादा कमाने वाली तीसरी फिल्म थी। लगान उस साल ऑस्कर की दावेदार भी थी।


Click it and Unblock the Notifications











