दृश्यम 2 ने Box Office पर ली शानदान शुरुआत, क्या बनेगी अजय देवगन की 12वीं 100 करोड़ी फिल्म!

अभिषेक पाठक निर्देशित अजय देवगन की लेटेस्ट रिलीज फिल्म 'दृश्यम 2' ने शानदान शुरुआत दिखाई है। फिल्म भारत में 3302 स्क्रीन पर रिलीज हुई है, जबकि ओवरसीज में इसे 858 प्लस स्क्रीन मिले हैं। एडवांस बुकिंग से ही फिल्म को लेकर लोगों में जो क्रेज है, उसकी झलक देखने को मिल चुकी है। एडवांस बुकिंग के मामले में दृश्यम 2 ने भूल भुलैया 2 और आरआरआर (हिंदी) को पीछे छोड़ दी है।
इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स की मानें तो दृश्यम 2 ने अब तक किसी थ्रिलर के लिए हुई सबसे अच्छी एडवांस बुकिंग हासिल की है। अपनी दमदार कहानी और प्रदर्शन के लिए क्रिटिक्स से फिल्म को काफी तारीफ मिल रही है। और इसी के साथ यह, ब्रह्मास्त्र के बाद साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बनने के लिए तैयार है।
मॉर्निंग शो की शुरुआत जोरदार रही है और फिल्म पहले दिन जबरदस्त ओपनिंग कलेक्शन देने वाली है। ट्रेड पंडितों की मानें तो फिल्म 15 करोड़ से ऊपर की ओपनिंग देगी। वहीं, वीकेंड पर यह आंकड़ा और भी ऊपर चढ़ने वाला है। लिहाजा, देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह 100 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली अजय देवगन की 12वीं फिल्म बनेगी?
यहां जानें अजय देवगन की 100 करोड़ी फिल्में-

तान्हाजी
यह अजय देवगन की सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म है। इस फिल्म के लिए अभिनेता को नेशनल अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। फिल्म ने 279.50 करोड़ का कलेक्शन किया था और बॉलीवुड की टॉप 10 फिल्मों में शामिल है। फिल्म 2020 जनवरी में रिलीज हुई थी।

गोलमाल अगेन
2017 में रिलीज इस फिल्म ने 205.72 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म सुपरहिट रही.. यह अजय देवगन की दूसरी सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्म बनी। 200 करोड़ पार करने वाली यह अजय देवगन की पहली फिल्म है।

टोटल धमाल
2019 में आई मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म टोटल धमाल ने 154 करोड़ का कलेक्शन किया। फिल्म हिट रही थी। फिल्म में अजय देवगन के साथ अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित, अरशद वारसी जैसे कलाकार दिखे थे।

सिंघम रिटर्न्स
141 करोड़ के साथ यह अजय देवगन की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया था। इस फ्रैंचाइजी की तीसरी कड़ी पर भी काम शुरु किया जा चुका है।

गोलमाल 3
साल 2010 में आई रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी अजय देवगन और करीना कपूर की कॉमेडी फिल्म गोलमाल 3 भी सुपरहिट रही थी। फिल्म ने 107 करोड़ की कमाई की थी।

सन ऑफ सरदार
105.53 करोड़ के कलेक्शन के साथ अजय देवगन और सोनाक्षी सिन्हा की सन ऑफ सरदार भी सुपरहिट फिल्म रही थी। 2012 में आई इस फिल्म का निर्देशन अश्विनी धीर ने किया था।

दे दे प्यार दे
2019 में ही रिलीज अजय देवगन, तब्बू और रकुल प्रीत की यह रोमांटिक- कॉमेडी लोगों को पसंद आई थी। फिल्म ने 102.40 करोड़ का कलेक्शन किया था और बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।

बोल बच्चन
रोहित शेट्टी की इस मल्टीस्टारर फिल्म ने 102 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म में अजय देवगन, अभिषेक बच्चन मुख्य किरदारों में थे। अजय देवगन के साथ रोहित शेट्टी की पहली फिल्म को छोड़कर.. सभी फिल्मों ने शानदार सफलता हासिल की है।

रेड
2018 में आई अजय देवगन और इलियाना डिक्रूज की इस फिल्म ने 101.54 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। इस फिल्म की सेकेंड पार्ट आने की खबरें चल रही हैं।

शिवाय
साल 2016 में आई अजय देवगन की इस फिल्म ने 100.35 करोड़ की कमाई की थी। हालांकि फिल्म ऐवरेज रही थी.. क्योंकि फिल्म का बजट काफी ज्यादा था।

सिंघम
साल 2011 में आई रोहित शेट्टी और अजय देवगन की इस फिल्म ने धमाकेदार रिस्पॉस पाया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 100.30 करोड़ का कलेक्शन किया और सुपरहिट रही थी।


Click it and Unblock the Notifications