Drishyam 2 Hindi Day 3 Box Office: तीन दिन में हिट हुई अजय देवगन की दृश्यम 2, अब कमाएगी केवल प्रॉफिट

Drishyam 2 Hindi Day 3 Box Office: अजय देवगन की दृश्यम 2 ने बॉक्स ऑफिस पर हैरान कर देने वाला प्रदर्शन करते हुए तीसरे दिन रविवार को भी शानदार कमाई की है। दृश्यम 2 ने रविवार 20 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर कुल 27.2 करोड़ की कमाई की है। ऐसे में तीन में कुल मिलाकर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस को 63 करोड़ का कलेक्शन दिया है।
जहां, पहले दिन, फिल्म ने 15.3 करोड़ की ओपनिंग देते हुए एक सफल शुरूआत दर्ज की थी वहीं दूसरे दिन शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 40 प्रतिशत लंबी छलांग मारते हुए 21.5 करोड़ की कमाई करते हुए ये साफ कर दिया था कि फिल्म केवल सफल होने के लिए ही रिलीज़ हुई है।
अब तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने शनिवार की तुलना में और 25 प्रतिशत की बढ़त लेते हुए कुल 27 करोड़ की कमाई की है। माना जा रहा है कि पूरे हफ्ते भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टिकी रहेगी और प्रतिदिन एवरेज 5 करोड़ से ऊपर कमाएगी।

तीन दिन में निकाल लिया बजट
दृश्यम 2 का बजट केवल 56 करोड़ बताया जा रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में ये आंकड़ा 50 करोड़ के आस पास भी बताया जा रहा है। कुल मिलाकर, बात ये कि तीन ही दिन में दृश्यम 2 ने अपना बजट निकाल लिया है और अब ये फिल्म केवल मुनाफा कमाएगी। बल्कि यूं कहिए कि तीसरे दिन यानि कि रविवार से ही फिल्म ने मुनाफा कमाने की शुरूआत भी कर दी है। काफी समय बाद हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की कोई फिल्म मुनाफा कमाने के स्तर पर पहुंच पाई है।

बॉक्स ऑफिस पर हिट
50 - 55 करोड़ के बजट पर बनी दृश्यम 2 तीन दिनों में 63 करोड़ की कमाई करने के बाद बॉक्स ऑफिस पर हिट हो चुकी है। अजय देवगन के लिए ये काफी दिलचस्प सफलता होगी। उनकी पिछली दो फिल्में थैंक गॉड और रन वे बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गईं। हालांकि, उम्मीद की जा रही थी कि दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी कमाई करेंगी।

दिलचस्प रहा है अजय देवगन का साल
गौरतलब है कि अजय देवगन के लिए ये साल काफी दिलचस्प रहा है। या यूं कहिए कि कोरोना काल के बाद का फिल्मी सफर अजय देवगन के लिए काफी दिलचस्प रहा है। कोरोना काल के बाद तुरंत सफल हुई तीन सबसे बड़ी फिल्मों का हिस्सा थे अजय देवगन। कोरोना के बाद पहली हिट फिल्म थी सूर्यवंशी। इसके बाद 2023 में कोरोना काल की दूसरी बड़ी हिट फिल्म आई गंगूबाई काठियावाड़ी और इसके एक महीने बाद आई RRR। तीनों ही फिल्मों में अजय देवगन, सहायक भूमिकाओं में थे।

रविवार को दृश्यम 2 की कमाई
दृश्यम 2 ने रविवार को थिएटर में 60 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। जहां सुबह के शो में ये आंकड़ा 42 प्रतिशत रहा जो कि शानदार था वहीं दोपहर में फिल्म ने 59 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। शाम के शो में ज़बरदस्त उछाल दिखाते हुए दृश्यम 2 ने 78 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की और रात को वापस ये आंकड़ा 60 प्रतिशत के आस पास रहा। दृश्यम 2 की ऑक्यूपेंसी देखते हुए ही कई थिएटर ने फिल्म के रात के 12 बजे और सुबह 6 बजे के शो भी बढ़ा दिए।

सभी शहरों में 60 - 70 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी
रविवार, 20 नवंबर को दृश्यम 2 ने सभी बड़े शहरों में 60 - 70 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज की। फिल्म ने मुंबई, पुणे, अहमदाबाद और चेन्नई जैसे शहरों में 70 - 75 प्रतिशत की ऑक्मयूपेंसी दर्ज की। वहीं दिल्ली, सूरत और जयपुर जैसे शहरों में ये आंकड़ा लगभग 50 प्रतिशत रहा। किसी भी बड़े शहर में फिल्म का ऑक्मयूपेंसी दर 35 प्रतिशत से नीचे नहीं गिरा।

जमकर होगी कमाई
आने वाले दिनों में दृश्यम 2 बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई करने वाली है। माना जा रहा है कि पहले हफ्ते में फिल्म लगभग 75 - 80 करोड़ की कमाई कर सकती है। लेकिन जितना शानदार फिल्म का वर्ड ऑफ माउथ है उससे ये तो तय है कि दृश्यम 2 बॉक्स ऑफिस पर अच्छे समय तक टिकने वाली है। देखना है कि फिल्म लाइफटाइम में अपनी कमाई को 100 करोड़ का आंकड़ा छूने का मौका दे पाती है या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications