BOX OFFICE: सोमवार को भी 'ड्रीम गर्ल' की जबरदस्त कमाई- 50 करोड़ का आंकड़ा पार
आयुष्मान खुराना और नुसरत भरूचा स्टारर फिल्म 'ड्रीम गर्ल' बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। सोमवार की धमाकेदार कमाई के साथ, 4 दिनों में ही फिल्म ने 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। बता दें, यह आयुष्मान की सबसे बड़ी ओपनर साबित हुई है। ट्रेड पंडितों की मानें तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी। सोमवार को फिल्म ने 7.43 करोड़ का कलेक्शन किया है और फिल्म की कुल कमाई हो चुकी है 52 करोड़।
खास बात है कि 'ड्रीम गर्ल' आयुष्मान की लगातार छठी हिट फिल्म है। इससे पहले आयुष्मान ने बरेली की बर्फी, शुभ मंगल सावधान, अंधाधुन, बधाई हो और आर्टिकल 15 जैसी फिल्में दी हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। ड्रीम गर्ल आयुष्मान की सबसे बड़ी फिल्म भी साबित हो सकती है।

राज शांडिल्य के निर्देशन में बनी यह फिल्म कॉमेडी- ड्रामा है, जिसे फैमिली ऑडियंस भी काफी पसंद कर रहे हैं। फिल्म की सफलता पर आयुष्मान ने कहा- मुझे ख़ुशी है कि लोग उस तरह के सिनेमा से जुड़ रहे हैं जिनमें मैं काम कर रहा हूं। इससे मुझे अपने फिल्मों के चुनाव करने में और हिम्मत मिलती है।
रिपोर्ट्स की मानें तो, ड्रीम गर्ल 30 करोड़ के बजट पर बनी है। लिहाजा, फिल्म को हिट की श्रेणी में आने के लिए 60 करोड़ तक का कलेक्शन करना होगा। जाहिर है ड्रीम गर्ल यह आंकड़ा अगले दो दिनों में ही पार कर जाएगी।
फिलहाल इसे बॉक्स ऑफिस पर नितेश तिवारी की 'छिछोरे' से अच्छा कंपिटिशन मिल रहा है। छिछोरे 100 करोड़ के करीब पहुंच चुकी है। वहीं, ड्रीम गर्ल के ही साथ रिलीज हुई फिल्म 'सेक्शन 375' फिलहाल 10 करोड़ तक ही पहुंच पाई है। फिल्म को समीक्षकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली थी। वहीं, ड्रीम गर्ल की वजह से भी फिल्म प्रभावित हुई है।


Click it and Unblock the Notifications