दिसंबर बॉक्स ऑफिस कयास - तड़प, 83, जर्सी करेंगे 2021 का ब्लॉकबस्टर The End, 450 करोड़ की कमाई
2021 खत्म होते होते बॉलीवुड में रौनक लौट चुकी है और सिनेमाघरों में फैन्स भी। इसी के साथ बॉक्स ऑफिस पर भी सिक्कों की खनक सुनाई देने लगी है और बॉक्स ऑफिस पर दिवाली मनाने का श्रेय जाता है रोहित शेट्टी। सूर्यवंशी की धुंआधार कमाई के बाद अब एक के बाद एक फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने को तैयार हैं।
साल के आखिरी महीने दिसंबर में बॉलीवुड में 7 हिंदी फिल्में आ रही हैं। इनमें दो ओटीटी पर और 5 थिएटर में रिलीज़ हो रही हैं। ओटीटी की बात करें तो अभिषेक बच्चन स्टारर बॉब बिस्वास, ज़ी 5 पर रिलीज़ होगी वहीं सारा अली खान - धनुष - अक्षय कुमार स्टारर अतरंगी रे 24 दिसंबर को हॉटस्टार पर।

अब बात करतें हैं सिनेमाघरों की। तो थिएटर में पांच पड़ी फिल्में रिलीज़ हो रही हैं - अहान शेट्टी, तारा सुतारिया स्टारर तड़प; आयुष्मान खुराना, वाणी कपूर स्टारर चंडीगढ़ करे आशिकी; अभय देओल, करण देओल, मौनी रॉय स्टारर वेल्ले; कबीर खान की रणवीर सिंह मल्टीस्टारर 83 और आखिरी में शाहिद कपूर स्टारर जर्सी।
ये पांच फिल्में मिलकर बॉलीवुड को लगभग 450 करोड़ की कमाई देते हुए 2021 को ब्लॉकबस्टर तरीके से अलविदा कहने वाली हैं। जानिए दिसंबर की फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कयास

तड़प के साथ होगी शुरूआत
दिसंबर की शुरूआत होगी 3 तारीख को सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी के डेब्यू के साथ। साजिद नाडियाडवाला, अहान शेट्टी के साथ टाईगर श्रॉफ की हीरोपंती का इतिहास दोहरा सकते हैं। तड़प को युवाओं का साथ अगर मिलता है तो ये फिल्म एक सरप्राइज़ पैकेज हो सकती है और 70 - 75 करोड़ से ऊपर का आंकड़ा छू सकती है। वरना फिल्म 35 - 40 करोड़ की कमाई करेगी। अहान शेट्टी को अभी से लोगों की तारीफें मिल रही हैं वहीं फिल्म का म्यूज़िक भी पसंद किया जा रहा है।

चंडीगढ़ करे आशिकी
इसके बाद 10 दिसंबर को रिलीज़ हो रही है आयुष्मान खुराना की फिल्म चंडीगढ़ करे आशिकी। आयुष्मान खुराना स्लीपर हिट के बादशाह हैं। उनकी फिल्में आराम आराम से कमाई करते हुए अच्छा खासा बॉक्स ऑफिस बटोर लेती हैं। फिर इस फिल्म के पास 10 दिसंबर से काफी समय होगा क्योंकि अगली फिल्म सीधा 25 दिसंबर को रिलीज़ होगी। ऐसे में चंडीगढ़ करे आशिकी के पास कमाने के लिए 25 - 40 करोड़ के बीच का एक बड़ा Window होगा।

वेल्ले
चंडीगढ़ करे आशिकी के सात ही रिलीज़ होगी सनी देओल के बेटे करण देओल की अगली फिल्म वेल्ले। इस फिल्म में करण देओल, अपने चाचा अभय देओल के साथ नज़र आएंगे। फिल्म हल्की फुल्की युवा फिल्म है। लेकिन इसके पास कमाई के ज़्यादा आसार नहीं है। फिर भी फिल्म 4 - 5 करोड़ तक की कमाई कर सकती है।

83 का खत्म इंतज़ार
दो सालों के बाद थिएटर में वो फिल्म आएगी जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार था। 83 थिएटर हॉल को स्टेडियम में बदलने की काबिलियत रखने वाली फिल्म है और इसलिए इस फिल्म पर सीधा 220 - 250 करोड़ तक की बाज़ी लगाई जा रही है। हालांकि, वर्ल्ड कप में भारत के प्रदर्शन का असर कुछ हद तक इस फिल्म पर पड़ सकता है। लेकिन वो असर अच्छा होगा या बुरा ये कहने के लिए फिलहाल थोड़ा जल्दबाज़ी होगी।

2021 का The End
2021 का समापन होगा शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी के साथ। शाहिद कपूर की पिछली फिल्म कबीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर धुंआधार प्रदर्शन किया और वॉर के बाद 2019 की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्म बनी। ऐसे में जर्सी से भी अद्भुत प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है और माना जा रहा है कि शाहिद कपूर इस फिल्म को 100 करोड़ के पार हिट करने की काबिलियत रखते हैं।

जारी रहेगी कमाई
वहीं दिसंबर में भी सलमान खान - आयुष शर्मा स्टारर अंतिम द फाईनल ट्रुथ और अक्षय कुमार की रोहित शेट्टी फिल्म सूर्यवंशी अपनी कमाई जारी रखेगी। अभी तक सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस पर 190 करोड़ की कमाई कर चुकी है और माना जा रहा है कि फिल्म 200 करोड़ का टार्गेट पूरा करके ही मानेगी। दूसरी तरफ, सलमान खान - आयुष शर्मा स्टारर अंतिम एक सरप्राइज़ फिल्म निकली है। फिल्म से ज़्यादा कमाई की उम्मीदें नहीं थी लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टिक गई है और माना जा रहा है कि 35 करोड़ तक का आंकड़ा छू सकती है।

नवंबर का बॉक्स ऑफिस
नवंबर का महीना सूर्यवंशी के साथ बॉक्स ऑफिस का सूखा मिटा चुका है। सूर्यवंशी के साथ और बाद नवंबर में बॉक्स ऑफिस पर पांच फिल्में रिलीज़ हुईं। इनमें हॉलीवुड फिल्म इटरनल्स भी शामिल थी। माना जा रहा था कि सूर्यवंशी, बंटी और बबली 2, सत्यमेव जयते 2 और अंतिम मिलकर बॉक्स ऑफिस को लगभग 400 करोड़ की कमाई दे सकती हैं लेकिन इन पांच फिल्मों ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर लगभग 250 करोड़ की कमाई की है।

2021 की सबसे बड़ी फिल्म
रणवीर सिंह की कबीर खान मल्टीस्टारर फिल्म 83 का ट्रेलर लोगों को बेतहाशा पसंद आ रहा है। क्रिकेट इस देश का तीसरा धर्म है और लोग क्रिकेटर्स की पूजा करते हैं। ऐसे में 83 के वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत को एक बार फिर से परदे पर देख पाना फैन्स के लिए काफी भावुक हो सकता है और 83, साल 2021 की सबसे बड़ी फिल्म बनकर उभर सकती है। माना जा रहा है कि अगर इस फिल्म से दर्शकों की भावनाएं सही मात्रा में जुड़ गई तो ये फिल्म सीधा 300 करोड़ का छक्का मारेगी, स्टेडियम के बाहर।


Click it and Unblock the Notifications











