BOX OFFICE: सुशांत- श्रद्धा की 'छिछोरे' ने पहले दिन की जमकर कमाई, जानें ओपनिंग कलेक्शन
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म छिछोरे सिनेमाघरों में आ चुकी है। फिल्म को ना सिर्फ समीक्षकों से बल्कि आम दर्शकों से भी बेहद तारीफ मिल रही है। सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर स्टारर इस फिल्म के कंटेंट को लोग पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि फिल्म ने शुक्रवार को अच्छी कमाई की है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 7.32 करोड़ की ओपनिंग दी है। इसे अच्छी शुरुआत मान सकते हैं।
खास बात है कि यह सुशांत सिंह राजपूत की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर है। फिल्म एमएस धोनी ने जहां 21.30 करोड़ की ओपनिंग दी थी, वहीं केदारनाथ को पार कर छिछोरे बनी है दूसरी सबसे बड़ी ओपनर। केदारनाथ ने 7.25 करोड़ की ओपनिंग दी थी।

ट्रेड पंडितों की मानें तो फिल्म पहले वीकेंड तक 30 करोड़ तक की कमाई आराम से कर सकती है। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर असली परीक्षा सोमवार से शुरु होगी। फिल्म लगभग 50 करोड़ तक के बजट पर बनी है। लिहाजा, फिल्म को हिट की श्रेणी में आने के लिए कम से कम 80 करोड़ तक की कमाई करनी होगी।
दंगल की बेजोड़ सफलता के बाद नितेश तिवारी की अगली फिल्म का सभी को बेसब्री से इंतजार था। 'छिछोरे' उन सभी उम्मीदों पर खरी उतरती है। कॉलेज और हॉस्टल की यादों को झंकझोरती हुई यह फिल्म एक दमदार संदेश दे जाती है। जो इसे सिर्फ युवाओं के लिए नहीं, बल्कि अभिभावकों के लिए जरूरी बना देती है।


Click it and Unblock the Notifications