ब्रह्मास्त्र बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: शनिवार को 45 प्रतिशत उछाल, 200 करोड़ पार पहुंचा कलेक्शन
अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र, लाख आलोचनाओं के बावजूद, बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। पूरे हफ्ते फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी। दूसरे शुक्रवार को उम्मीद की जा रही थी कि फिल्म दो अंकों का आंकड़ा नहीं कमा पाई लेकिन कयास को पीछे छोड़ते हुए ब्रह्मास्त्र ने दूसरे शुक्रवार को 10.6 करोड़ की कमाई की।
वहीं दूसरे शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 45 प्रतिशत की उछाल लेते हुए, 15.3 करोड़ की कमाई की। वहीं रविवार को भी फिल्म ने अच्छी शुरूआत कर दी है और माना जा रहा है कि रविवार को फिल्म 17 - 18 करोड़ के बीच में कमाई करेगी।

कुल मिलाकर, 10 दिनों में ब्रह्मास्र की कुल कमाई 216 करोड़ होगी। अभी तक रविवार की कमाई हटा दी जाए तो 9 दिनों में फिल्म ने 199 करोड़ की कमाई कर ली है।

धमाकेदार ओपनिंग
गौरतलब है कि ब्रह्मास्त्र ने ओपनिंग के साथ ही धमाका कर दिया था। फिल्म ने 36 करोड़ की बॉक्स ऑफिस ओपनिंग दी जो रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग रही। वहीं फिल्म इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म भी बनी। हालांकि, ये 36 करोड़ सभी भाषाओं में मिलाकर फिल्म की ओपनिंग कमाई रहे। हिंदी में फिल्म ने 32 करोड़ की ओपनिंग दी थी।

शानदार पहला वीकेंड
जहां ब्रह्मास्त्र ने धमाकेदार शुरूआत की वहीं शनिवार और रविवार को भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गदर ही मचा दिया। शनिवार को फिल्म ने 42 करोड़ की कमाई की और रविवार को कुल 45 करोड़ की कमाई करते हुए ब्रह्मास्त्र ने 123 करोड़ का पहला वीकेंड दिया। वहीं हिंदी में ब्रह्मास्त्र ने 111 करोड़ का वीकेंड दिया।

तोड़े ढेरों रिकॉर्ड्स
तीन दिनों में ही ब्रह्मास्त्र ने ढेरों रिकॉर्ड्स तोड़े। तीन दिन में 100 करोड़ की कमाई पार करने वाली ये सातवीं हिंदी फिल्म बनी। वहीं फिल्म ने तेलुगू और तमिल भाषाओं में भी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम किया। ओवरसीज़ में भी फिल्म की कमाई ने झंडे गाड़े।

ओवरसीज़ कमाई
ओवरसीज़ में ब्रह्मास्त्र कुल 3900 स्क्रीन पर रिलीज़ हुई है। फिल्म ने ओवरसीज़ में लगभग 90 करोड़ की कमाई की है। वहीं वर्ल्डवाईड फिल्म 9 दिनों में 324 करोड़ की कमाई कर चुकी है। रविवार की कमाई जोड़ने के बाद 10 दिनों में ब्रह्मास्त्र वर्ल्डवाईड 350 करोड़ की कमाई पार कर लेगी।

पहले हफ्ते में अच्छी पकड़
पहले हफ्ते भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाए रखी। सोमवार और मंगलवार को फिल्म ने 16.5 करोड़ और 12 करोड़ की कमाई की। वहीं बुधवार और गुरूवार, फिल्म 10.5 करोड़ और 9 करोड़ की कमाई की। पहले हफ्ते, हिंदी में फिल्म ने 156 करोड़ और कुल मिलाकर 173 करोड़ की कमाई की।

410 करोड़ की फिल्म
ब्रह्मास्त्र का बजट 410 करोड़ है। ऐसे में देखना है कि फिल्म कितने दिन में ये आंकड़ा पार करते हुए मुनाफा कमाना शुरू करती है। ब्रह्मास्त्र के बाद अयान मुखर्जी, पार्ट 2 देव पर काम करना शुरू कर चुके हैं और उनका कहना है कि ये फिल्म 2025 में रिलीज़ हो जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications











