बॉक्स ऑफिस पर 'ब्रह्मास्त्र' की बंपर शुरुआत, बनी रणबीर कपूर की सबसे बड़ी ओपनर, रिकॉर्डतोड़ कमाई
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म ब्रह्मास्त्र सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म को समीक्षकों से भले ही मिली जुली प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन खास बात है कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया है। ट्रेड पंडितों की मानें तो ब्रह्मास्त्र ने पहले दिन 35-36 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग दी है। यह आज तक की सबसे बड़ी नॉन हॉलीडे ओपनिंग देने वाली फिल्म बन चुकी है।
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर इस फिल्म ने हिंदी में 32 करोड़ तक की कमाई की है, वहीं बाकी भाषाओं को मिलाकर 3-4 करोड़ का कलेक्शन देखा जा रहा है। खासकर तेलुगु में फिल्म की शुरुआत अच्छी रही है। कोई शक नहीं कि ये फिल्म बॉलीवुड के लिए ब्रह्मास्त्र साबित हुई है।

यदि फिल्म को लेकर ऐसा क्रेज जारी रहा तो यह वीकेंड तक 100 करोड़ और पहले हफ्ते में 150 करोड़ का आंकड़ा आसानी से पार कर जाएगी। खास बात है कि ब्रह्मास्त्र रणबीर कपूर की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म भी बन चुकी है। फिल्म ने रणबीर की पिछली सबसे बड़ी ओपनर संजू और बेशरम को पीछे छोड़ दिया है।

संजू के कलेक्शन को किया पार
रणबीर के करियर को देंखे तो फिलहाल उनकी सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म है संजू। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी ये फिल्म संजय दत्त की बायोपिक थी। फिल्म ने 34.75 करोड़ की शुरुआत ली थी। ब्रह्मास्त्र ने ये आंकड़ा पार कर लिया है।

रणबीर कपूर की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्में-
ब्रह्मास्त्र- 36 करोड़
संजू- 34.75 करोड़
बेशरम- 21.56 करोड़
ये जवानी है दिवानी- 19.45 करोड़
ऐ दिल है मुश्किल- 13.30 करोड़

बॉलीवुड का सहारा बना ब्रह्मास्त्र
बता दें, रणबीर की पिछली फिल्म 'शमशेरा' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। फिल्म ने 10.25 करोड़ की ओपनिंग ली थी, लेकिन फिर औंधे मुंह गिर पड़ी। साल 2022 बॉलीवुड के लिए खास नहीं रहा है। एक के बाद एक कई बड़ी फिल्में फ्लॉप रही हैं। ऐसे में ब्रह्मास्त्र से इंडस्ट्री को काफी उम्मीदें हैं।

ब्रह्मास्त्र
ब्रह्मास्त्र हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन, नागार्जुन और मौनी रॉय लीड रोल में हैं। इनके साथ ही शाहरुख खान का शानदार कैमियो चर्चा बटोर रहा है।


Click it and Unblock the Notifications